हाथी पर सवार होकर चार बार सूबे की सत्ता में काबिज रही बहुजन समाज पार्टी के लिए 2027 के विधानसभा चुनाव में करो या मरो की स्थिति है। मायावती की विरासत को संभालने के लिए आकाश आनंद अब नए महावत होंगे। रविवार को इसके संकेत मिले। आकाश ने जहां एक तरफ मायावती जैसे तेवर में सपा, कांग्रेस और भाजपा की घेराबंदी की, वहीं संवाद की शैली भी बदली। मंच पर आकाश के लिए बसपा सुप्रीमो की तरह अलग कुर्सी रखी गई थी।
पिछले छह महीने में यह बसपा का तीसरा सम्मेलन है। जिस एत्मादपुर की सुरक्षित सीट पर रविवार को आकाश ने नई सियासी उड़ान भरी, वहां 1996, 2007 और 2012 चुनाव में हाथी चिघाड़ चुका है। दलितों की राजधानी से बसपा ने आकाश के सहारे 2027 चुनाव के लिए नई राजनीतिक बिसात बिछाने का संकेत दिए हैं।
2 of 7
आकाश आनंद
– फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
बसपा प्रमुख मायावती के राजनीतिक उत्तराधिकारी के रूप में उभर रहे आकाश आनंद ने अपने संबोधन के जरिये न केवल पार्टी के परंपरागत कैडर को सक्रिय करने का प्रयास किया, बल्कि बदलते दौर के अनुरूप बसपा की संवाद शैली में आए बदलाव की झलक भी पेश की। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, आगरा की सभा में आकाश आनंद की भूमिका महज एक स्टार प्रचारक की नहीं, बल्कि भविष्य के नेतृत्वकर्ता के रूप में दिखाई दी। उन्होंने मायावती के सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय के पारंपरिक सूत्र को आगे बढ़ाते हुए युवाओं, किसानों और कारीगरों से जुड़ने के लिए आधुनिक मुहावरों जैसे एक्सेल शीट का डाटा पॉइंट और सोशल मीडिया मीम्स का उपयोग किया।
3 of 7
आकाश आनंद
– फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
अपने भाषण में उन्होंने बार-बार मायावती के शासनकाल की योजनाओं, यमुना एक्सप्रेसवे, भूमि पट्टों और भर्तियों का हवाला देकर यह संदेश दिया कि नेतृत्व की पीढ़ी भले ही नई हो लेकिन मिशन की वैचारिक धुरी कांशीराम और मायावती की प्रशासनिक कार्यशैली पर ही टिकी रहेगी। बसपा के सामने इस समय सबसे बड़ी चुनौती अपने कोर वोट बैंक को एकजुट रखने और सपा के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) विमर्श की काट खोजने है। ऐसे में आकाश आनंद ने एक तरफ सत्तारूढ़ भाजपा को पेपर लीक, बेरोजगारी, महंगाई, एनसीआरबी के आंकड़ों और दो उपमुख्यमंत्रियों की व्यवस्था में दलित प्रतिनिधित्व न होने के मुद्दे पर घेरा, तो दूसरी तरफ सपा और कांग्रेस पर भी सीधा हमला बोला।
4 of 7
आकाश आनंद
– फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
आगरा में हाल ही में हुए सपा के दलित सम्मेलन के दौरान प्रो. रामगोपाल यादव की टिप्पणी, 2012 में पदोन्नति में आरक्षण के विरोध और बसपा शासन में बने जिलों के नाम बदलने जैसे मुद्दों को उठाकर उन्होंने मायावती जैसे तेवर दिखाए। कुल मिलाकर, आगरा की यह सभा इस बात का संकेत दे गई कि बसपा अब रक्षात्मक रुख के बजाय आक्रामक तेवरों के साथ चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी में है, जिसकी कमान योजनाबद्ध तरीके से आकाश के हाथों में सौंपी जा रही है।
5 of 7
आकाश आनंद
– फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
आकाश आनंद को लेकर समर्थकों में दिखा जोश, अलग अंदाज में पहुंचे
आगामी विधान सभा चुनाव को लेकर पार्टियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। कस्बा के मॉडल स्कूल के मैदान में बसपा का विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन व जनसभा में पहुंचे पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद को सुनने के लिए काफी संख्या में युवा, महिला और बुजुर्ग अलग-अलग अंदाज में पहुंचे।