Auraiya News:किशोरी से दुष्कर्म के आरोपी को 20 साल का कठोर कारावास – Accused In The Rape Of A Teenage Girl Sentenced To 20 Years Of Rigorous Imprisonment
औरैया। नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के मामले में पॉक्सो कोर्ट ने दोषी को 20 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही 25 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। अर्थदंड की 50 प्रतिशत धनराशि पीड़िता को देने का आदेश दिया गया है। विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो अधिनियम) अखिलेश्वर प्रसाद मिश्र की अदालत ने 21 नवंबर 2026 को यह फैसला सुनाया।
फफूंद थाना क्षेत्र में 24 जून 2021 को एक महिला खेत में मूंग काटने गई थी। इसी दौरान उसकी नाबालिग बेटी को आरोपी बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। काफी तलाश के बाद भी किशोरी का पता नहीं चला तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। विवेचना के दौरान पुलिस ने किशोरी को अछल्दा क्षेत्र के जुआ पुल के पास से बरामद किया था। मामले में किशोरी के बयान और स्कूल के अभिलेखों के आधार पर घटना के समय उसकी उम्र 14 वर्ष पांच माह 14 दिन पाई गई। अदालत में पीड़िता और अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए गए। अभियोजन पक्ष ने 15 दस्तावेजी साक्ष्य भी प्रस्तुत किए। अदालत ने उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों के बयानों का परीक्षण करने के बाद आरोपी मुनेश कुमार को दोषी करार दिया। न्यायालय ने धारा 376(3) भारतीय दंड संहिता और पॉक्सो अधिनियम की धारा 4(2) के तहत 20 वर्ष के कठोर कारावास और 25 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई। इसके अलावा धारा 366 में पांच वर्ष और धारा 363 में तीन वर्ष के कठोर कारावास की सजा भी सुनाई गई। सभी सजाएं साथ-साथ चलेंगी। न्यायालय ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को पीड़िता के जीवनयापन और पुनर्वास को ध्यान में रखते हुए उचित प्रतिकर दिलाने के लिए भी संस्तुति की है।
