डेढ़ साल से बीमारियों से जूझ रहीं किरण पाल शारीरिक तकलीफों के साथ बेटियों के भविष्य को लेकर भी परेशान रहती थीं। बच्चेदानी की बीमारी, ऑपरेशन और पेट में पथरी की समस्या ने उन्हें काफी परेशान कर दिया था। इलाज में लगातार बड़ी रकम खर्च हो रही थी। पति तेज रामपाल के मुताबिक, किरण को इस बात की भी चिंता सताती थी कि उनके बाद बेटियों का क्या होगा। वह अक्सर इसी बात को लेकर परेशान रहती थीं।
तेज रामपाल बताते हैं कि किरण अक्सर कहती थीं कि बेटियों का भविष्य कैसे संवरेगा। वह उन्हें समझाते थे कि चिंता न करें, बेटियां पढ़-लिखकर अपने पैरों पर खड़ी हो जाएंगी। करीब डेढ़ साल से उनका इलाज चल रहा था। ढाई महीने पहले बच्चेदानी का ऑपरेशन कराया गया था। पेट में पथरी की समस्या भी थी। ऑपरेशन के बाद पिछले डेढ़ महीने से उनका मानसिक स्वास्थ्य संबंधी इलाज भी चल रहा था।
शुक्रवार सुबह भी किरण ने आंखों में परेशानी बताई तो पति उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां से लौटने के बाद शाम करीब 3:30 बजे तेज रामपाल 12 वर्षीय बेटी रिया को साथ लेकर कपड़े खरीदने बाजार चले गए।
कुछ देर बाद घर लौटे तो बाहर भीड़ जुटी थी। पुलिसकर्मियों ने उन्हें बताया कि किरण और उनकी तीन बेटियों की मौत हो गई है। तेज रामपाल का कहना है कि किरण मानसिक रूप से परेशान थीं। वह बेटियों के भविष्य को लेकर अक्सर चिंता जताती थीं।