Charkhi Dadri News:दो दिवसीय प्रशिक्षण का समापन, 165 शिक्षकों ने लिया भाग – Two-day Training Concludes; 165 Teachers Participated
चरखी दादरी। विद्यार्थियों में उद्यमशीलता की भावना विकसित करने और उन्हें व्यावसायिक कौशल से जोड़ने के उद्देश्य से डाइट बिरही कलां में आयोजित दो दिवसीय कौशल बिजनेस चैलेंज(केबीसी) 3.0 प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हो गया। इस प्रशिक्षण के अंतिम दिन शुक्रवार को 165 शिक्षकों ने भाग लिया। समापन अवसर पर डीईओ धर्मेंद्र चौधरी ने शिक्षकों को प्रशिक्षण में सीखी गई गतिविधियों और विचारों को विद्यालयों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि केबीसी 3.0 के मूल विचारों को केवल प्रशिक्षण कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखना है बल्कि इन्हें विद्यालयों की कक्षाओं में भी लागू करना है। इससे विद्यार्थी नए विचारों को पहचानने, उनमें व्यावसायिक संभावनाएं तलाशने और उन्हें उद्यम के रूप में विकसित करने की समझ हासिल कर सकेंगे। शिक्षकों की जिम्मेदारी है कि वे विद्यार्थियों को रचनात्मक सोच के लिए प्रोत्साहित करें और उन्हें अपने विचारों को वास्तविक रूप देने के अवसर प्रदान करें।
दो बैचों में आयोजित किया गया प्रशिक्षण
डाइट एवं प्रशिक्षण प्रभारी वरिष्ठ प्रवक्ता नवरत्न पांडे ने बताया कि सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों में उद्यमशीलता की भावना विकसित करने, उन्हें बिजनेस की बारीकियों से परिचित करवाने और उनके नए विचारों को व्यावसायिक स्वरूप देने के उद्देश्य से शिक्षा निदेशालय एवं उद्यम एनजीओ के संयुक्त तत्वावधान में प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
पहले बैच का आयोजन 5 व 6 नवंबर को राजकीय पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय, दादरी में किया गया था। इसमें कक्षा 11वीं एवं 12वीं को पढ़ाने वाले 120 शिक्षकों ने भाग लिया था। वहीं दूसरे बैच में कक्षा 9वीं एवं 10वीं को पढ़ाने वाले शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया।
मास्टर ट्रेनरों ने करवाई प्रशिक्षण संबंधी गतिविधियां
प्रशिक्षण के दौरान उद्यम संस्था की मास्टर ट्रेनर अंशु कुमारी व शिक्षा विभाग के मास्टर ट्रेनर परमजीत, भूप सिंह, नवीन कुमार एवं मदनलाल ने विभिन्न गतिविधियों का संचालन किया। डाइट प्रवक्ता राकेश गोदारा एवं नरेश कुमार ने प्री-टेस्ट और पोस्ट-टेस्ट की प्रक्रिया संभाली।
राजेश कुमार एवं अभिमन्यु ने पंजीकरण और स्टेशनरी की व्यवस्था की, जबकि जोगेंद्र एवं धर्मबीर ने आयोजन की अन्य व्यवस्थाओं में सहयोग दिया। इस अवसर पर मोनिका, ओमप्रकाश पंवार, हरपाल, मूर्तिदेवी, कविता देवी, संजीव कुमार एवं संजय कुमार सहित डाइट के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी के सामूहिक सहयोग से प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
