रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
रतलाम:काका और दो भतीजों की हत्या के दस आरोपियों को आजीवन कारावास, जमीन विवाद में ली थी जान – Ratlam: Ten Accused Sentenced To Life Imprisonment For Murder Of An Uncle And Two Nephews Over A Land Dispute
रतलाम

रतलाम:काका और दो भतीजों की हत्या के दस आरोपियों को आजीवन कारावास, जमीन विवाद में ली थी जान – Ratlam: Ten Accused Sentenced To Life Imprisonment For Murder Of An Uncle And Two Nephews Over A Land Dispute

November 29, 2026


रतलाम। जिले के रावटी थाना क्षेत्र के ग्राम गुंदीपाड़ा में जमीन विवाद को लेकर तीन लोगों की हत्या और एक अन्य को घायल करने के मामले में न्यायालय ने 10 आरोपियों को दोषी करार देते हुए ट्रिपल आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। सभी आरोपियों को भारतीय दंड संहिता (भादंवि) की धारा 302 के तहत सश्रम तीन आजीवन कारावास और धारा 307 के तहत 10-10 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा दी गई है। दोनों धाराओं में आरोपियों पर कुल छह-छह हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। फैसला शनिवार को अष्टम अपर सत्र न्यायाधीश निर्मल मंडोरिया ने सुनाया।

सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर था विवाद

अभियोजन के अनुसार, ग्राम पंचायत नायन के पूर्व सरपंच मोहन कटारा और गुंदीपाड़ा निवासी नगला भाभर परिवार के बीच सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते 5 जून 2020 को दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था। उस दिन पटवारी, पुलिस और ग्राम पंचायत के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में जमीन का मौका मुआयना किया गया था। इसके बाद दोनों पक्षों को पंचायत भवन में पंचनामा पर हस्ताक्षर करने के लिए बुलाया गया। इसी दौरान मोहन कटारा के परिवार के सदस्य पैदल पंचायत भवन जा रहे थे, तभी दूसरे पक्ष के लोग तलवार और लाठियां लेकर पीछे से पहुंचे और उन पर हमला कर दिया।

ये भी पढ़ें- झाबुआ: नकली सोने का बिस्किट देकर की थी 4.90 लाख रुपये की ठगी, फरार चल रहे पुरुष और महिला आरोपी गिरफ्तार

तलवारों और लाठियों से किया था हमला

हमले में मोहन कटारा के भाई गुलाब कटारा, रावजी कटारा और बेटे शंकर कटारा व मगन कटारा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बचने के लिए शंकर, मगन और गुलाब खेतों की ओर भागे, लेकिन हमलावरों ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया और तलवारों से वार किए। घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने गुलाब, शंकर और मगन कटारा को मृत घोषित कर दिया। रावजी कटारा गंभीर रूप से घायल हुए थे। इस मामले में मोहन कटारा की बेटी सीता ने रावटी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ चालान न्यायालय में पेश किया। सुनवाई के बाद अदालत ने 10 आरोपियों को दोषी पाया।

इन 10 आरोपियों को सुनाई गई सजा

न्यायालय ने लक्ष्मण पिता नगला भाभर, बापू भाभर, कांतिलाल उर्फ कांतु पिता माधु भाभर, सेतु पिता भुरजी भाभर, देवला पिता राधु भाभर, शंभु पिता वरसिंह भाभर, बाबू पिता रामजी भाभर, नेपु उर्फ मांगु पिता बाबू भाभर, शंभु पिता देवा भाभर और गबरु उर्फ गवरसिंह पिता माधु भाभर को सजा सुनाई है। सभी आरोपी ग्राम गुंदीपाड़ा (नायन) के निवासी हैं। प्रकरण में शासन की ओर से विशेष लोक अभियोजक गोल्डनन राय ने पैरवी की। अभियोजन विभाग की उपनिदेशक आशा शाक्यवार ने फैसले की जानकारी दी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X