शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
राजस्थान:जोधपुर में आग का तांडव, बासनी के कारखाने में चार-पांच घंटे तक धधकती रही; लाखों के नुकसान की आशंका – Rajasthan: Massive Fire In Jodhpur; Blaze Rages For Four To Five Hours At A Factory In Basni
जोधपुर

राजस्थान:जोधपुर में आग का तांडव, बासनी के कारखाने में चार-पांच घंटे तक धधकती रही; लाखों के नुकसान की आशंका – Rajasthan: Massive Fire In Jodhpur; Blaze Rages For Four To Five Hours At A Factory In Basni

November 9, 2026


Rajasthan: Massive fire in Jodhpur; blaze rages for four to five hours at a factory in Basni

बासनी के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित कारखाने में भीषण आग
– फोटो : instagram

विस्तार

जोधपुर शहर के बासनी औद्योगिक क्षेत्र स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में रविवार देर रात एक कारखाने में अचानक भीषण आग लग गई। इस दुर्घटना में कारखाने को लाखों रुपये के नुकसान होने की आशंका है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब 10 गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और लगभग चार से पांच घंटे की भारी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।

बासनी कारखाने में अग्निशमन अभियान

बासनी के अग्निशमन अधिकारी प्रशांत सिंह चौहान ने बताया कि प्रभावित कारखाने में हैंडीक्राफ्ट और स्टील का काम होता है। आग बुझाने के लिए बासनी अग्निशमन केंद्र से तीन, शास्त्री नगर से तीन, नागौरी गेट से तीन, चौपासनी से एक, मंडोर से एक, बोरानाडा अग्निशमन केंद्र से एक और सिविल डिफेंस की एक गाड़ी को तैनात किया गया था। दमकलकर्मियों की टीम ने कई घंटों तक लगातार प्रयास करके आग को नियंत्रित किया। हालांकि, कारखाने में आग किस कारण से लगी, फिलहाल इसकी वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

कबीर नगर और मेहरानगढ़ में हादसे

शहर के कबीर नगर स्थित एक कबाड़ के गोदाम में भी सोमवार सुबह 5:15 बजे अचानक आग लग गई। दमकल विभाग की सात गाड़ियां मौके पर भेजी गईं, जिन्होंने करीब एक घंटे में आग को बुझा दिया। इस गोदाम में भी आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। दूसरी ओर, रविवार रात मेहरानगढ़ किले के पास स्थित झाड़ियों में भी आग लग गई। दमकल विभाग की गाड़ियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर इस आग पर समय रहते काबू पा लिया। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक आतिशबाजी के कारण झाड़ियों में यह आग भड़की थी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X