राजस्थान:डॉक्टरों की भर्ती का बढ़ेगा दायरा, 600 की जगह 900 पदों पर हो सकती है नियुक्ति – Rajasthan Medical Officer Recruitment 300 Additional Posts 900 Vacancies
राजस्थान में सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी दूर करने के लिए चिकित्सा विभाग मेडिकल ऑफिसर के 300 अतिरिक्त पद बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए विभाग ने वित्त विभाग को प्रस्ताव भेज दिया है। वित्त विभाग से मंजूरी मिलने के बाद मेडिकल ऑफिसर के कुल पदों की संख्या 600 से बढ़कर 900 हो जाएगी। चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के निर्देश पर विभाग ने यह कदम उठाया है। पदों की संख्या बढ़ने से सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की उपलब्धता बेहतर होगी और आमजन को अपने घर के नजदीक समय पर इलाज मिल सकेगा।
दरअसल, चिकित्सा विभाग ने हाल ही में मेडिकल ऑफिसर के 600 पदों पर भर्ती निकाली थी। इन पदों के लिए कुल 18,700 डॉक्टरों ने आवेदन किया। इस हिसाब से एक पद के लिए करीब 31 उम्मीदवार दावेदारी कर रहे हैं। पदों की तुलना में आवेदकों की बड़ी संख्या और कड़ी प्रतिस्पर्धा को देखते हुए विभाग के उच्च अधिकारियों ने पद बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू की।
नए अस्पताल खुलने से बढ़ी डॉक्टरों की जरूरत
राजस्थान में लगातार नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी), सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), जिला अस्पताल, उपजिला अस्पताल और सेटेलाइट अस्पताल खोले जा रहे हैं। इन चिकित्सा संस्थानों के बेहतर संचालन के लिए डॉक्टरों की जरूरत बढ़ रही है। इसके अलावा राजस्थान मेडिकल काउंसिल में पंजीकरण कराने वाले चिकित्सकों की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है। राज्य में नए मेडिकल कॉलेज खुलने से भी चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ी है।
विभाग के अनुसार, बीते छह वर्षों में मेडिकल ऑफिसर के पदों की संख्या में 3.3 गुना कमी आई थी, जबकि आवेदकों की संख्या में 3.4 गुना बढ़ोतरी दर्ज की गई। इन परिस्थितियों को देखते हुए चिकित्सा विभाग ने भर्ती में 300 अतिरिक्त पद शामिल करने का प्रस्ताव तैयार किया है।
मंजूरी मिलने पर मरीजों और डॉक्टरों को राहत
वित्त विभाग से प्रस्ताव को मंजूरी मिलते ही 900 पदों पर भर्ती का रास्ता साफ हो जाएगा। इससे प्रदेश के दूरदराज के इलाकों में स्थित सरकारी चिकित्सा संस्थानों में भी डॉक्टरों की तैनाती सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। अस्पतालों में चिकित्सकों की संख्या बढ़ने से मरीजों को समय पर बेहतर इलाज मिल सकेगा। वहीं, सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवा डॉक्टरों को भी चयन का अधिक अवसर मिलेगा। चिकित्सा विभाग को उम्मीद है कि वित्त विभाग जल्द ही इस प्रस्ताव को वित्तीय मंजूरी दे देगा। इसके बाद मेडिकल ऑफिसर भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सकेगी।
