शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
राजस्थान न्यूज:बीकानेर में 28 हजार किलो दूषित मैदा सीज, 400 किलो फफूंद लगा मावा मौके पर कराया नष्ट – Bikaner Food Adulteration 28000 Kg Contaminated Flour Seized 400 Kg Fungus Mawa Destroyed Diwali Food Safety D
बीकानेर

राजस्थान न्यूज:बीकानेर में 28 हजार किलो दूषित मैदा सीज, 400 किलो फफूंद लगा मावा मौके पर कराया नष्ट – Bikaner Food Adulteration 28000 Kg Contaminated Flour Seized 400 Kg Fungus Mawa Destroyed Diwali Food Safety D

November 3, 2026


बीकानेर में दिवाली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जयपुर की केंद्रीय टीम के साथ चलाए गए अभियान में करीब 28 हजार किलो दूषित मैदा सीज किया गया। वहीं, 400 किलो फफूंद लगा मावा समेत बड़ी मात्रा में खराब और अवधिपार खाद्य सामग्री मौके पर ही नष्ट कराई गई। जांच रिपोर्ट आने तक हजारों लीटर तेल और घी सहित कई अन्य खाद्य पदार्थों को भी जब्त किया गया है।

28 हजार किलो मैदा सीज, 400 किलो मावा नष्ट

दिवाली के त्योहार को देखते हुए बीकानेर में मिलावटी और दूषित खाद्य सामग्री की बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिलेभर में सघन जांच अभियान शुरू किया है। इस अभियान में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जयपुर की केंद्रीय टीम के साथ मिलकर बड़ी कार्रवाई की है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. पुखराज साध ने बताया कि जांच के दौरान करीब 28 हजार किलो दूषित मैदा सीज किया गया। इसके अलावा 400 किलो फफूंद लगा मावा मौके पर ही नष्ट करवाया गया। टीम ने ऐसी खाद्य सामग्री को भी नष्ट कराया, जो इस्तेमाल के लायक नहीं बची थी। कार्रवाई के दौरान 309 किलो सड़े-गले बादाम, पिस्ता और अखरोट, 90 किलो खराब हो चुके गुलाब जामुन, 735 किलो एक्सपायरी काला नमक और 2,750 किलो अवधिपार मैदा पापड़ भी नष्ट करवाए गए।

22,750 लीटर तेल और 2,319 लीटर घी भी सीज

विभाग की टीम ने जांच रिपोर्ट आने तक कई संदिग्ध खाद्य पदार्थों को सीज किया है। इनमें 28 हजार किलो दूषित मैदा के अलावा विभिन्न ब्रांडों का करीब 22,750 लीटर तेल शामिल है। इसके साथ ही वातुला, निजोन और वर्सेटाइल ब्रांड का 2,319 लीटर घी भी जब्त किया गया है। टीम ने शिवशक्ति ब्रांड का 3,950 किलो आटा और 1,250 किलो सूजी भी सीज की है। इन खाद्य पदार्थों के नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दूध, मावा और मिठाइयों की हो रही जांच

सीएमएचओ डॉ. पुखराज साध के अनुसार, जिले के शहरी और ग्रामीण इलाकों में मिलावटी सामान बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। ये टीमें बाजारों में बिक रहे दूध, मावा, मिठाइयों, मसालों, घी, तेल और ड्राई फ्रूट्स की गहन जांच कर रही हैं। खाद्य सुरक्षा कानून के तहत विभाग अब तक 100 से अधिक खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए सरकारी प्रयोगशाला भेज चुका है। जांच अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रवण कुमार वर्मा, भानू प्रताप सिंह, सुरेन्द्र कुमार, राकेश कुमार गोदारा, निशान्त चारण, सोना रानी, ममता सोनगरा, इंद्र प्रकाश ढाका और महावीर मेघवाल शामिल रहे।

अखबार में मावा लपेटने पर रोक, कारोबारियों को चेतावनी

खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को सख्त चेतावनी दी है कि वे मिलावटी या खराब मावे का भंडारण और बिक्री न करें। डॉ. पुखराज साध ने स्पष्ट किया कि मावे को अखबार में लपेटकर रखना प्रतिबंधित है। इसके अलावा कचौरी और समोसे को अखबार या रंगीन कागज पर परोसने पर भी पूरी तरह रोक लगाई गई है। दुकानदारों को निर्देश दिए गए हैं कि पनीर, मावा और दूध से बनी मिठाइयों को लाने-ले जाने के लिए केवल ठंडी गाड़ियों का इस्तेमाल करें। साथ ही दुकानों में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है। विभाग ने कारोबारियों को नियमों का पालन करने की हिदायत देते हुए साफ किया है कि त्योहार के दौरान लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ जांच और कार्रवाई का अभियान जारी रहेगा।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X