जमालपुर थाना क्षेत्र में एक 13 साल की नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने और छह दिनों तक किराए के मकान में कैद रखकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी गुरप्रीत सिंह (35) को हिरासत में लेकर किशोरी को सुरक्षित छुड़ा लिया है। मेडिकल जांच के बाद लड़की को उसके माता-पिता के हवाले कर दिया गया है।
15 नवंबर की शाम घर से निकली थी दूध लेने
पीड़िता के भाई के अनुसार, उसकी बहन 15 नवंबर की शाम दूध लेने गई थी और वापस नहीं लौटी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने 17 नवंबर को अपहरण व गुमशुदगी का केस दर्ज किया। जांच में पता चला कि किशोरी गुरप्रीत से फोन पर बात करती थी। आरोपी की पत्नी ने पीड़ित परिवार को एक पत्र के जरिये गुरप्रीत के मोबाइल नंबर और कार्यस्थल का पता बताया। इस सुराग के आधार पर पुलिस ने गुरप्रीत को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद पुलिस ने मेहरबान के नजदीक जहांगीरपुर स्थित एक किराए के कमरे से किशोरी को छुड़ाया।
दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ीं
किशोरी ने बताया कि आरोपी उसे धमकाकर कमरे में बंद रखता था और बाहर जाते समय ताला लगा देता था। पीड़िता ने गुरप्रीत पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। जांच अधिकारी सुभाष राज ने बताया कि गुरप्रीत विवाहित है और उसका एक बेटा भी है। पिता के बयान के आधार पर केस में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ा दी गई हैं।