विकसित भारत की नींव गांवों से रखी जाएगी :राज्यपाल कविंद्र गुप्ता – Inauguration Of The International Lavi Fair In Rampur
रामपुर में अंतरराष्ट्रीय लवी मेले का शुभारंभ, राज्यपाल ने किया ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा देने का आह्वान
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर।
राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने कहा कि विकसित भारत का निर्माण गांवों की समृद्धि, किसानों की खुशहाली और युवाओं की आत्मनिर्भरता से होगा। वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और तकनीकी प्रगति के नए दौर में आगे बढ़ रहा है। राज्यपाल बुधवार को रामपुर में अंतरराष्ट्रीय लवी मेले का शुभारंभ करने के बाद जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने मेले में आने वाले लोगों से कम से कम एक स्थानीय उत्पाद खरीदने की अपील करते हुए कहा कि इससे स्थानीय कारीगरों और उनके परिवारों को आर्थिक संबल मिलेगा। उन्होंने युवाओं से स्वरोजगार योजनाओं का लाभ उठाकर रोजगार तलाशने के बजाय रोजगार देने वाले बनने का आग्रह किया। राज्यपाल ने करीब 400 वर्ष पुराने लवी मेले को हिमाचल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक व्यापारिक संबंधों का प्रतीक बताया। उन्होंने किन्नौरी टोपी, ऊनी वस्त्रों, हस्तशिल्प और कृषि उत्पादों को डिजिटल माध्यमों से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने पर बल दिया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और प्लास्टिक का उपयोग कम करने की अपील की। इस अवसर पर राज्यपाल ने रामपुर के पूर्व विधायक दिवंगत नंद लाल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए क्षेत्र के विकास में उनके योगदान को याद किया। इससे पहले अंतरराष्ट्रीय लवी मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने राज्यपाल और लेडी गवर्नर का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि युवा पीढ़ी को मेले के इतिहास से परिचित करवाने के लिए पहली बार स्कूली बच्चों की निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई है। मेले में स्वयं सहायता समूहों, किसान उत्पादक संगठनों और लघु उद्यमियों को भी अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं बिक्री के लिए मंच दिया गया है। इसके बाद राज्यपाल ने मेले में विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों और स्थानीय उत्पादों के स्टॉलों का अवलोकन किया तथा स्थानीय व्यंजनों का स्वाद भी लिया।
