विधायक खेल स्पर्धा:200 मीटर दौड़ में गोविंद कुमार रहे अव्वल – Legislator’s Sports Competition: Govind Kumar Finishes First In The 200-meter Race
-पहले दिन एथलेटिक्स, वॉलीबॉल और कबड्डी प्रतियोगिताएं हुईं
चहनिया। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की ओर से तीन दिवसीय विधायक खेल स्पर्धा का शुभारंभ शनिवार को स्थानीय खंडवारी देवी इंटर कॉलेज परिसर में हुआ। पहले दिन एथलेटिक्स, वॉलीबॉल और कबड्डी की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। सीनियर बालक वर्ग की 200 मीटर दौड़ में गोविंद कुमार ने पहला स्थान प्राप्त किया। संदीप यादव दूसरे और सूरज कुमार तीसरे स्थान पर रहे।
200 मीटर जूनियर बालिका दौड़ में विदुषी प्रथम, मरजीना द्वितीय और अनामिका तृतीय स्थान पर रही। 1500 मीटर सीनियर बालक दौड़ में आलोक कुमार, संदीप यादव और सभाजीत यादव क्रमशः पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। लंबी कूद के सीनियर बालक वर्ग में संदीप प्रथम, महेश्वर नाथ द्वितीय और रोहन तृतीय रहे। वहीं, जूनियर बालक वर्ग की लंबी कूद में जय हिंद प्रथम, अंकित द्वितीय और विपिन तृतीय स्थान पर रहे। सब जूनियर बालक कबड्डी में पकड़ी की टीम विजेता और बसिला की टीम उपविजेता रही। रविवार को कुश्ती, जूडो, भारोतोलन और फुटबॉल की प्रतियोगिताएं होगी, 23 नवंबर को बैडमिंटन प्रतियोगिता होगी। इससे पूर्व प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि सकलडीहा के सपा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव और मां खंडवारी देवी ग्रुप ऑफ कॉलेज के संस्थापक प्रबंधक डॉ. राजेंद्र प्रताप सिंह ने किया। इस मौके पर विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव ने कहा कि खेल सर्वांगीण विकास की आधारशिला है। सामूहिक खेलों से आपसी सहयोग, संवाद, भाईचारे और नेतृत्व के गुण विकसित होते है। इस अवसर पर क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी राजन यादव, कॉलेज के प्रबंध निदेशक डॉ. आशुतोष कुमार सिंह, राहुल कुमार वर्मा, रजनीश पांडेय, सुशील पांडेय, गौतम लाल, अभय कुमार, प्रदीप कुमार यादव और प्रवीण कुमार आदि मौजूद रहे। संचालन अनीश सिंह ने किया।
