शतरंज की दुनिया में विश्व चैंपियनशिप का मुकाबला हमेशा से खेल के साथ-साथ विवादों, आरोपों और बयानबाजी के लिए भी चर्चा में रहा है। हालांकि, इस बार भारत के मौजूदा विश्व चैंपियन डी गुकेश और उज्बेकिस्तान के चैलेंजर जावोखिर सिंदारोव के बीच होने वाली खिताबी भिड़ंत अब तक बिना किसी खास शोर-शराबे के आगे बढ़ रही है। 24 नवंबर से स्विट्जरलैंड के जिनेवा में शुरू होने वाले इस मुकाबले को लेकर फिलहाल खेल जगत में वैसी हलचल नहीं दिख रही, जैसी पिछली विश्व चैंपियनशिप में देखने को मिली थी। इस बार मुकाबले का सबसे दिलचस्प पहलू दोनों खिलाड़ियों की मौजूदा स्थिति है। एक तरफ 20 वर्षीय गुकेश अपने विश्व चैंपियन के खिताब को बरकरार रखने उतरेंगे, तो दूसरी ओर शानदार फॉर्म में चल रहे सिंदारोव पहली बार विश्व चैंपियन बनने के इरादे से चुनौती पेश करेंगे।