शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
शहडोल:जंगल में बेखौफ शिकारी, शिकार के लिए बिछाए करंट की चपेट में आकर युवक की मौत,वन विभाग की गश्त पर उठे सवाल – Shahdol: 23-year-old Dies In Suspected Electric Trap Set For Wildlife, Forest Surveillance Under Scrutiny
शहडोल

शहडोल:जंगल में बेखौफ शिकारी, शिकार के लिए बिछाए करंट की चपेट में आकर युवक की मौत,वन विभाग की गश्त पर उठे सवाल – Shahdol: 23-year-old Dies In Suspected Electric Trap Set For Wildlife, Forest Surveillance Under Scrutiny

November 6, 2026


Shahdol: 23-Year-Old Dies in Suspected Electric Trap Set for Wildlife, Forest Surveillance Under Scrutiny

घटना स्थल का जायजा लेते एसडीओपी

विस्तार

ब्यौहारी क्षेत्र के जंगलों में बाघ, तेंदुए और हाथियों की मौजूदगी के बीच वन्यजीवों की सुरक्षा और वन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। एक ओर वन विभाग जंगलों में लगातार गश्त और वन्यजीवों की निगरानी के दावे कर रहा है, वहीं दूसरी ओर शिकार के लिए जंगल में बिछाए जा रहे करंट से इंसानों की जान जा रही है। 

ताजा मामला ब्यौहारी थाना क्षेत्र के साखी जंगल का है, जहां जंगली जानवरों के शिकार के लिए बिछाए गए करंट की चपेट में आने से 23 वर्षीय युवक सुरेश लोनी पिता राम प्रताप की मौत हो गई। घटना की जानकारी लगने के बाद एसडीओपी ब्यौहारी थाना प्रभारी अपने दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और बारीकी से मामले की पड़ताल की गई।

जानकारी के अनुसार सुरेश के मोबाइल पर रात में उसके एक साथी का फोन आया था। इसके बाद वह घर से निकल गया लेकिन रातभर वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसे फोन लगाया तो मोबाइल बंद मिला। इसके बाद परिजन उसकी तलाश में जुट गए। सुबह साखी के जंगल में उसका शव मिला। घटनास्थल पर करंट के लिए बिछाए गए तार भी मिले। आशंका जताई जा रही है कि जंगली जानवरों का शिकार करने के लिए जंगल में बिजली का करंट फैलाया गया था, जिसकी चपेट में आने से युवक की जान चली गई।

ये भी पढ़ें: नहीं थम रहा हादसों का सिलसिला: NH-30 पर भीषण सड़क हादसा, ट्रक-पिकअप की जोरदार भिड़ंत में एक की मौत, एक घायल

25 किलोमीटर के दायरे में तीन घटनाएं

इस घटना ने वन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटनास्थल से करीब 25 किलोमीटर दूर हाल ही में घर में सो रही 15 वर्षीय किशोरी को तेंदुआ उठा ले गया था, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं पपौंध क्षेत्र में बाघ के हमले में एक चरवाहे की जान चली गई। इसके अलावा ब्यौहारी क्षेत्र के जंगलों में 60 से अधिक हाथियों के दो झुंड विचरण कर रहे हैं। लगातार वन्यजीवों की मौजूदगी और हमलों के बीच जंगलों में अवैध रूप से करंट बिछाकर शिकार की कोशिश सामने आना चिंता बढ़ाने वाला है।

गश्त के दावों के बीच जंगल में करंट का जाल

वन विभाग की ओर से लगातार दावा किया जा रहा है कि टीमें जंगलों में सर्चिंग कर रही हैं और वन्यजीवों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। इसके बावजूद शिकारी जंगलों में बिजली के तार बिछाकर वन्यजीवों के शिकार की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में सवाल है कि नियमित गश्त के बावजूद शिकारियों की इस गतिविधि पर अंकुश क्यों नहीं लग पा रहा है। फिलहाल युवक की मौत के मामले में ब्यौहारी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X