संतरे के छिलके में भरा एंटी-एजिंग गुण, जानें 4 स्टेप्स में सीरम बनाने का तरीका
Last Updated:
Homemade Anti Aging Serum: मार्केट में कई तरह के एंटी-एजिंग सीरम उपलब्ध है. लेकिन ज्यादातर सीरम अपनी कीमत के अनुसार रिजल्ट नहीं दे पाते हैं. ऐसे में संतरे के छिलके बेहतरीन विकल्प साबित हो सकते हैं. यहां जानिए संतरे के छिलके से एंटी-एजिंग सीरम कैसे बनाते हैं, और इसके इस्तेमाल से क्या फायदे होते हैं.
Orange Peel Anti-Aging Serum: संतरे में विटामिन सी, ए, बी1 और बी9 जैसे विटामिन पाए जाते हैं, जिससे इसे सेहत के लिए बहुत अच्छा माना जाता है. लेकिन ज्यादातर लोग इसके छिलके को कचरा समझने की गलती कर बैठते हैं, जबिक ये फल जितना ही फायदेमंद होता है. खासतौर पर इसे स्किन के लिए काफी अच्छा घरेलू उपाय माना जाता है.
संतरे के छिलकों में विटामिन सी, एंटीऑक्सीडेंट और कई ऐसे तत्व होते हैं. विटामिन सी कोलेजन बनाने की प्रक्रिया में अहम भूमिका निभाता है. इससे त्वचा की रंगत और बनावट बेहतर रखने में मदद मिलती है. ऐसे में संतरे के छिलके से तैयार सीरम मार्केट में उपलब्ध एंटी-एजिंग सीरम का बेहतरीन विकल्प साबित होता है. खासबात ये है कि इसे आसानी से घर पर भी तैयार किया जा सकता है. यहां जानिए संतरे के छिलके से सीरम बनाने का तरीका.
सीरम बनाने के लिए सामग्री
संतरे के सूखे छिलकों का पाउडर- 1 बड़ा चम्मच
गुलाब जल- जरूरत के अनुसार
एलोवेरा जेल- 1 बड़ा चम्मच
वेजिटेबल ग्लिसरीन- कुछ बूंदें
विटामिन ई ऑयल- थोड़ी मात्रा
घर पर ऐसे तैयार करें सीरम
स्टेप 1- सबसे पहले संतरे के छिलकों को अच्छी तरह धोकर पूरी तरह सुखा लें. इसके बाद इन्हें पीसकर बारीक पाउडर बना लें.
स्टेप 2- एक कटोरी में एक बड़ा चम्मच संतरे का पाउडर और गुलाब जल मिलाएं. फिर इस मिश्रण को कुछ घंटों के लिए ढककर रख दें, ताकि छिलकों के तत्व इसमें मिल सकें.
स्टेप 3- अब इस मिश्रण को साफ कपड़े या छन्नी की मदद से छान लें.
स्टेप 4- तैयार लिक्विड में एलोवेरा जेल, कुछ बूंदें ग्लिसरीन और विटामिन ई ऑयल मिलाएं. सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर साफ बोतल में भरें और फ्रिज में स्टोर करके इस्तेमाल करें.
इस्तेमाल करते समय रखें ये सावधानियां
इस सीरम को साफ चेहरे पर मॉइस्चराइजर लगाने से पहले कुछ बूंद लगाएं. हालांकि, घरेलू नुस्खों से रातोंरात झुर्रियां या दाग-धब्बे दूर होने में थोड़ा देर लगता है, इसलिए लगातार इसका इस्तेमाल करते रहना जरूरी है. हालांकि इसे यूज करने से पहले पैच टेस्ट जरूर लें. यदि कोई साइड इफेक्ट नजर आए तो तुरंत सीरम को लगाना छोड़ दें. इसके अलावा सीरम को थोड़ी मात्रा में बनाएं और रंग या गंध बदलने पर तुरंत फेंक दें.

शारदा सिंह एक अनुभवी लाइफस्टाइल पत्रकार हैं, जिनके पास डिजिटल मीडिया और कंटेंट लेखन के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का अनुभव है. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से…
और पढ़ें
