शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
सिंदूर सिर्फ लाल नहीं, नारंगी और गुलाबी भी हैं खास; जानिए किस रंग का क्या मतलब, सुहाग का असली रंग कौन
लाइफ़स्टाइल

सिंदूर सिर्फ लाल नहीं, नारंगी और गुलाबी भी हैं खास; जानिए किस रंग का क्या मतलब, सुहाग का असली रंग कौन

November 12, 2026


Sindoor Colors Meaning : लोक आस्था का महापर्व छठ आते ही घरों में रौनक बढ़ जाती है. कहीं ठेकुआ और कसार बनाने की तैयारी होती है, तो कहीं महिलाएं पूजा और साज-श्रृंगार में जुट जाती हैं. छठ के दौरान महिलाओं का पारंपरिक रूप देखते ही बनता है. इस मौके पर एक चीज खास तौर पर ध्यान खींचती है, वह है महिलाओं की मांग में लगा सिंदूर.

आमतौर पर शादीशुदा महिलाएं लाल या मैरून सिंदूर लगाती हैं, लेकिन छठ के दौरान बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में नारंगी और गुलाबी सिंदूर भी देखने को मिलता है. खासकर मिथिला क्षेत्र में इन रंगों की अपनी अलग पहचान और परंपरा है. कई जगह इसे भखरा सिंदूर भी कहा जाता है.

भारतीय परंपरा में लाल सिंदूर को शादीशुदा महिलाओं के सुहाग की सबसे प्रचलित निशानी माना जाता है.(Canva)

यही वजह है कि छठ के मौके पर सिंदूर के रंग को लेकर लोगों के मन में सवाल उठता है कि आखिर महिलाएं इस दिन नारंगी या गुलाबी सिंदूर क्यों लगाती हैं? क्या इन रंगों का कोई खास धार्मिक या सांस्कृतिक महत्व है?

लाल सिंदूर: सुहाग और प्रेम की सबसे पुरानी पहचान

लाल रंग को प्रेम, ऊर्जा, शक्ति और सौभाग्य का प्रतीक माना जाता है. यही वजह है कि बंगाल और उत्तर भारत के कई हिस्सों में महिलाएं रोजाना अपनी मांग में लाल या मैरून सिंदूर लगाती हैं. धार्मिक मान्यताओं में लाल रंग का संबंध देवी शक्ति से भी जोड़ा जाता है. त्योहार हो, पूजा-पाठ हो या कोई शुभ अवसर, लाल सिंदूर महिलाओं के पारंपरिक श्रृंगार का अहम हिस्सा है.

नारंगी या केसरिया सिंदूर: सूर्य की पहली किरण और नई शुरुआत का प्रतीक

बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश के इलाकों में नारंगी यानी केसरिया सिंदूर लगाने की परंपरा है. कुछ जगह इसे भखरा सिंदूर भी कहा जाता है. नारंगी रंग को ऊर्जा, शुभता और नई शुरुआत से जोड़कर देखा जाता है. छठ पर्व में सूर्य देव की उपासना का विशेष महत्व है.ऐसे में सूर्योदय के समय आसमान में बिखरने वाली नारंगी और लालिमा लिए किरणों की तरह सिंदूर का यह रंग भी खास माना जाता है. इससे जुड़ी एक प्रचलित धार्मिक कथा हनुमान जी और माता सीता की भी है.

मान्यता है कि एक बार हनुमान जी ने माता सीता को मांग में सिंदूर लगाते देखा और इसका कारण पूछा. माता सीता ने बताया कि वह भगवान राम की लंबी उम्र और मंगल की कामना के लिए सिंदूर लगाती हैं. यह सुनकर हनुमान जी ने भगवान राम के प्रति अपनी भक्ति दिखाने के लिए पूरे शरीर पर सिंदूर लगा लिया. इसी वजह से हनुमान जी को सिंदूर चढ़ाने की परंपरा भी प्रचलित है.

गुलाबी सिंदूर: मिथिला की परंपरा और प्रेम का रंग

गुलाबी सिंदूर भी बिहार और मिथिला की कुछ पारंपरिक रस्मों में खास जगह रखता है. इसे कई जगह भखरा सिंदूर के नाम से भी जाना जाता है. गुलाबी रंग को प्यार, कोमलता, अपनापन और रिश्तों में मिठास का प्रतीक माना जाता है. कुछ स्थानीय मान्यताओं में इसका संबंध सुबह की लालिमा और नई जिंदगी की शुरुआत से भी जोड़ा जाता है. खास बात यह है कि मिथिला की कई पारंपरिक शादियों में दुल्हन के श्रृंगार के दौरान गुलाबी या नारंगी-गुलाबी सिंदूर का इस्तेमाल देखने को मिलता है.

इसे रखने के लिए पारंपरिक लकड़ी के सिंहोरे का भी इस्तेमाल किया जाता है. यह सिर्फ श्रृंगार का सामान नहीं, बल्कि कई परिवारों के लिए विरासत और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ी चीज है. हालांकि, गुलाबी सिंदूर से जुड़ी मान्यताएं हर इलाके में एक जैसी नहीं हैं.

तो सुहाग का असली रंग कौन सा?
अगर बात करें “सुहाग के असली रंग” की, तो धार्मिक और सांस्कृतिक रूप से चटक लाल और नारंगी (केसरिया) दोनों को ही सुहाग का मूल और सबसे पवित्र रंग माना गया है.

हर परिवार की अपनी-अपनी कुल परंपराएं और रीति-रिवाज होते हैं. कई जगहों पर केवल लाल रंग का सिंदूर ही लगाने का नियम है, तो कहीं नारंगी सिंदूर को उतना ही पवित्र माना जाता है. कुल मिलाकर, रंग कोई भी हो, सिंदूर केवल एक रंग नहीं बल्कि आस्था, विश्वास और सुहाग की अमरता का प्रतीक है.

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X