सीहोर:नकली पुलिसकर्मी बनकर महिला से जेवर लूटे, सुरक्षा का डर दिखा उतरवाए चेन-झुमके, दो महीने में तीसरी वारदात – Sehore: Fake Cops Trick Woman Into Removing Jewellery, Snatch Gold Chain And Earrings, Third Case In 2 Months
शहर में अब बदमाशों ने लूटपाट का ऐसा शातिर तरीका अपना लिया है, जिसमें पुलिस का नाम ही हथियार बन गया है। न वर्दी की जरूरत, न हथियार दिखाने की नौबत। खुद को पुलिसकर्मी बताकर महिलाओं को रोकना, सुरक्षा का डर दिखाना और फिर उन्हीं के हाथों जेवर उतरवाकर लूट लेना। कोलीपुरा के पास मंगलवार शाम कुछ ऐसा ही दुस्साहसिक घटनाक्रम सामने आया। बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला को नकली पुलिसकर्मी बनकर अपने जाल में फंसाया और पलक झपकते ही सोने की चेन और कान के झुमके लेकर फरार हो गए। शहर में लगातार हो रही ऐसी वारदातों ने महिलाओं की सुरक्षा और पुलिस की अपराध नियंत्रण व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिसकर्मी बनकर रोका, दिखाया वर्दी का रौब
नेहरू कॉलोनी निवासी भारती गंगवार पत्नी अखिलेश गंगवार मंगलवार शाम कोलीपुरा स्थित मैरिज गार्डन जा रही थीं। वह ऑटो से उतरकर आगे बढ़ ही रही थीं कि बाइक सवार दो युवक उनके पास आ पहुंचे। दोनों ने खुद को पुलिसकर्मी बताया और महिला को रोक लिया। आरोपियों ने रौब दिखाते हुए उनसे पूछताछ शुरू कर दी। कहां जा रही हो, कहां घूम रही हो जैसे सवालों के साथ आधार कार्ड दिखाने को भी कहा।
सुरक्षा का डर दिखाकर उतरवाए जेवर
बदमाशों ने महिला को बताया कि क्षेत्र में चेन स्नेचिंग की वारदातें बढ़ रही हैं। इसलिए सुरक्षा के लिहाज से गले की चेन और कान के झुमके उतारकर पर्स में रख लें। पुलिसकर्मी समझकर महिला उनकी बातों में आ गईं। उन्होंने गले से सोने की चेन और कानों से झुमके उतार लिए। इसके बाद जैसे ही वह जेवर पर्स में रखने के लिए उसे खोलने लगीं, बदमाशों ने अपना असली खेल दिखा दिया।
पलक झपकते ही झपट्टा मारा
महिला के हाथ में जेवर और खुला पर्स देखते ही दोनों बदमाशों ने झपट्टा मार दिया और चेन और झुमके छीनकर बाइक से तेजी से इंदौर नाके की ओर भाग निकले। अचानक हुई इस वारदात से महिला घबरा गई। जब तक वह कुछ समझ पाती, आरोपी आंखों से ओझल हो चुके थे। घटना के बाद महिला कोतवाली पहुंची और पुलिस को पूरी जानकारी देकर शिकायत दर्ज कराई।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
वारदात की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस कोलीपुरा क्षेत्र और इंदौर नाका मुख्य मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। इस तरह की वारदातों में पूर्व में शामिल रहे बदमाशों से भी पूछताछ की जा रही है। हालांकि, आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के बाद ही इस शातिर गिरोह के तौर-तरीकों का खुलासा हो सकेगा।
ये भी पढ़ें: एमपी: भोपाल-विदिशा के बीच 1757 करोड़ से बनेगा फोरलेन, गंजबासौदा को तीन बड़ी सड़कों की सौगात
दो महीने में तीसरी वारदात
शहर में महिलाओं को निशाना बनाकर जेवर लूटने की यह कोई अकेली घटना नहीं है। पिछले दो महीने में इस तरह की तीसरी वारदात सामने आई है। 30 सितंबर को कोतवाली क्षेत्र में घर के बाहर झाड़ू लगा रही 74 वर्षीय वृद्ध महिला के जेवर लूटे गए थे। इसके बाद 6 नवंबर को इंग्लिशपुरा क्षेत्र में घर के बाहर रंगोली बना रही महिला के गले से करीब डेढ़ तोले की सोने की चेन झपट ली गई थी।
पिछली वारदातों का खुलासा नहीं, अब फिर चुनौती
चौंकाने वाली बात यह है कि पिछली दोनों घटनाओं के आरोपियों का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। अब नकली पुलिसकर्मी बनकर लूट की तीसरी वारदात ने पुलिस के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है। बदमाशों के हौसले इस कदर बढ़ रहे हैं कि वे पुलिस का नाम और रौब इस्तेमाल कर खुलेआम महिलाओं को निशाना बना रहे हैं। ऐसे में सवाल यह भी है कि पुराने मामलों में गिरफ्तारी नहीं होने से क्या अपराधियों के हौसले और बुलंद हो रहे हैं?
ठगों के झांसे में न आएं महिलाएं, बरतें सावधानी
पुलिसकर्मी बताकर कोई व्यक्ति जेवर उतारने को कहे तो तत्काल उसकी पहचान और संबंधित थाने से पुष्टि करें। किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर सड़क पर जेवर उतारकर पर्स में न रखें। संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर शोर मचाएं और तत्काल डायल 112 पर सूचना दें। ध्यान रखें असली पुलिसकर्मी सुरक्षा के नाम पर सड़क पर इस तरह जेवर उतरवाने का दबाव नहीं बनाते।
