रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
सूरज से 350 गुना बड़े तारे ने अपने ही जोड़ीदार को निगला, 29 लाख किलोमीटर की रफ्तार से अंतरिक्ष में उड़ा मलबा
नॉलेज

सूरज से 350 गुना बड़े तारे ने अपने ही जोड़ीदार को निगला, 29 लाख किलोमीटर की रफ्तार से अंतरिक्ष में उड़ा मलबा

November 27, 2026


नई दिल्ली: साइंटिस्ट्स ने अंतरिक्ष में एक ऐसी घटना देखी है, जो किसी साइंस फिक्शन फिल्म जैसी लगती है. हमारी पड़ोसी एंड्रोमेडा गैलेक्सी में सूरज से 350 गुना बड़े एक विशालकाय लाल दानव तारे ने अपने ही छोटे साथी तारे को पूरा निगल लिया. इस ब्रह्मांडीय शिकार के बाद अक्टूबर 2025 में एक भयानक विस्फोट हुआ. टक्कर इतनी तेज थी कि तारे का मलबा करीब 29 लाख किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अंतरिक्ष में चारों तरफ फैल गया. साइंटिस्ट्स ने इस दुर्लभ विलय को एटी2025एबीएओ नाम दिया है. नासा के जेम्स वेब स्पेस टेलीस्कोप समेत दुनिया के कई बड़े टेलीस्कोप्स ने इस पूरी घटना पर नजर रखी. कोलंबिया यूनिवर्सिटी के रिसर्चर विराज करंबेलकर और उनकी टीम ने इस खोज से जुड़ा डेटा नेचर जर्नल में पब्लिश किया है.

आखिर साइंटिस्ट्स ने इन दोनों तारों को ‘बिग बाओ’ और ‘लिटिल बाओ’ नाम क्यों दिया?

साइंटिस्ट्स ने इस अनोखे ब्रह्मांडीय मिलन को समझने के लिए दोनों तारों को बेहद दिलचस्प नाम दिए. विशालकाय लाल दानव तारे को ‘बिग बाओ’ कहा गया, जबकि उसके छोटे साथी को ‘लिटिल बाओ’ नाम मिला. यह नामकरण इस घटना के आधिकारिक कोड एटी2025एबीएओ के आखिरी अक्षरों से प्रेरित होकर किया गया था. बाओ बन एक छोटा स्नैक होता है, लेकिन यहां बड़े तारे ने अपने जोड़ीदार को पूरा निगलकर पेट भर लिया.

इस घटना की शुरुआत तब हुई जब एस्ट्रोनॉमर्स को एंड्रोमेडा गैलेक्सी में एक तेज चमक दिखाई दी. वहां किसी बड़े धमाके की उम्मीद किसी को नहीं थी.

कोलंबिया यूनिवर्सिटी की टीम के सदस्य विराज करंबेलकर ने इस अचानक दिखी रोशनी की जांच शुरू की. उन्होंने ईमेल के जरिए स्पेस डॉट कॉम को बताया, ‘हमारा उत्साह चरम पर था और हमें अपनी किस्मत पर यकीन नहीं हो रहा था’. करंबेलकर ने आगे कहा, ‘विलय से कई साल पहले के सटीक डेटा से हमें पहली बार ऐसे हादसों की वजह समझने का मौका मिला है’.
AT 2025abao नाम का रेड नोवा और एंड्रोमेडा गैलेक्सी में इसकी पोजिशन. (Image credit: Palomar Observatory/ZTF/WINTER, Viraj Karambelkar)

30 साल तक शांत रहने वाला तारा अचानक अपने ही साथी के लिए काल कैसे बन गया?

  • जांच के दौरान साइंटिस्ट्स ने इस चमक का संबंध एक पुराने तारे से जोड़ा. यह तारा पिछले तीन दशकों से शांत था, लेकिन साल 2019 से इसकी रोशनी धीरे-धीरे बढ़ने लगी थी. अगले दो साल तक यह तारा लगातार ज्यादा चमकदार होता चला गया. साइंटिस्ट्स ने पाया कि यह एक ल्यूमिनस रेड नोवा घटना है, जो दो तारों के आपस में मिलने से बनती है.
  • असल में कोई भी तारा तब लाल दानव बनता है जब उसके केंद्र में मौजूद हाइड्रोजन ईंधन खत्म होने लगता है. ईंधन खत्म होते ही तारा अपने मूल आकार से सैकड़ों गुना ज्यादा फूलने लगता है.
  • सूरज से सात गुना ज्यादा वजन रखने वाला बिग बाओ भी इसी दौर से गुजर रहा था. उसका आकार इतनी तेजी से फैला कि उसने पास चक्कर लगा रहे लिटिल बाओ को अपनी चपेट में ले लिया. छोटा तारा दस पूरे चक्कर लगाने से पहले ही बिग बाओ के केंद्र में जा समाया.

महाविस्फोट से ठीक पहले अंतरिक्ष में गैस और धूल का घना जाल कैसे तैयार हुआ?

विराज करंबेलकर ने बताया, ‘हमने कुछ साल पहले एक तारे की चमक बढ़ते देखी थी और करीब से जांचने पर वह एक लाल दानव तारा निकला’. करंबेलकर के मुताबिक ऐसे तारे हजारों साल तक स्थिर रहते हैं. इसलिए किसी ने अपने जीवनकाल में धमाका देखने की उम्मीद नहीं की थी.

इस तस्वीर में AT2025abao के विकास के चार मुख्य चरण दिखाए गए हैं. (Image credit: NASA, ESA, CSA, STScI, Leah Hustak (STScI))

जुलाई 2025 में नासा के स्फीयरएक्स मिशन ने इस गुत्थी का एक बड़ा सिरा सुलझाया. डेटा से पता चला कि विस्फोट से पहले बिग बाओ की सामान्य रोशनी घट रही थी, लेकिन इन्फ्रारेड चमक तेजी से बढ़ रही थी. इसका मतलब था कि तारा ठंडा हो रहा था और अपने चारों तरफ गैस व धूल के घने बादल छोड़ रहा था.

जब लिटिल बाओ उसके केंद्र से टकराया तो बाहर निकला गर्म पदार्थ इसी धूल के गुबार से जा भिड़ा. इसी भीषण टकराव ने 17 अक्टूबर 2025 को आसमान में वह तेज चमक पैदा की.

जेम्स वेब टेलीस्कोप ने छोटे साथी तारे के वजन का पता कैसे लगाया?

  1. इस ऐतिहासिक घटना को रिकॉर्ड करने के लिए जमीन और अंतरिक्ष में मौजूद कई ताकतवर उपकरणों ने एक साथ काम किया. कैलटेक की पालोमर ऑब्जर्वेटरी के दो उपकरणों ने अक्टूबर में हुए मुख्य विस्फोट को सीधे कैमरे में कैद किया.
  2. इनमें ज्विकी ट्रांजिएंट फैसिलिटी और वाइड-फील्ड इन्फ्रारेड ट्रांजिएंट एक्सप्लोरर शामिल थे. हवाई स्थित केक ऑब्जर्वेटरी और नासा के निओवाइज मिशन ने भी इस घटना से जुड़ी अहम जानकारी जुटाई.
  3. कहानी की आखिरी कड़ी 24 दिसंबर 2025 को नासा के जेम्स वेब स्पेस टेलीस्कोप ने जोड़ी. इस टेलीस्कोप ने विस्फोट से दो महीने पहले तारे के आसपास जमा गैस और धूल के कुल वजन को मापा.
इसी गणना से साबित हुआ कि शिकार बने लिटिल बाओ का वजन हमारे सूरज के कुल वजन का करीब 70 प्रतिशत था. 18 नवंबर को नेचर जर्नल में छपी स्टडी ने तारों के जीवन के आखिरी दौर को समझने का नया रास्ता खोल दिया है.

क्या करोड़ों साल बाद हमारा सूरज भी इसी तरह अपने ग्रहों को निगल सकता है?

यह खोज हमारे अपने सौरमंडल के भविष्य की एक साफ झलक दिखाती है. साइंटिस्ट्स के अनुसार आने वाले अरबों सालों में जब हमारे सूरज का ईंधन खत्म होगा, तो वह भी इसी तरह फूलकर एक लाल दानव बन जाएगा. उस स्थिति में बुध और शुक्र जैसे नजदीकी ग्रह सूरज की आग में समा सकते हैं.

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X