सोने की खरीद में आप भी तो नहीं खा रहे धोखा, क्या होता है हॉलमार्किंग प्रोसेस, जिसकी मशीनें भी खा रहीं गच्चा!
हॉलमार्किंग मशीनें खा रहीं गच्चा…आप भी तो नहीं खा रहे सोने की खरीद में धोखा?
Last Updated:
Gold Adulteration in India : सोने में मिलावट का जो नया खेल उजागर हुआ है वो चौंकाने वाला है. हॉलमार्किंग मशीनें भी इसे नहीं पकड़ पा रही हैं. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या आप लोग जो सोना खरीद रहे हैं वो शुद्ध है? जब हॉलमार्किंग मशीनें ही गच्चा खा जाएं तो आखिर आम आदमी मिलावटी सोने को कैसे पहचान सकता है?
सोने में रेनियम पाउडर की मिलावट हो रही है, जिसे हॉलमार्किंग मशीनें भी नहीं पकड़ पा रही हैं. (फोटो-BIS/Pixabay)
सोने में मिलावट का बड़ा खुलासा हुआ है. CNBC की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है सोने में रेनियन पाउडर मिलाने का खेल चल रहा है. चौंकाने वाली बात ये है कि सोने की शुद्धता जांचने वाली हॉलमार्किंग मशीनें भी उसे पकड़ नहीं पा रहीं. यह खुलासा उन लोगों के लिए एक बड़ा झटका है जिन्होंने हाल ही में सोने की ज्वैलरी की खरीद फरोख्त की है. रिपोर्ट के मुताबिक यह रेनियम पाउडर चीन से भारत भेजा रहा है, जिसका सोने से बनी ज्वैलरी में 25 प्रतिशत तक प्रयोग किया जा रहा है.
सोना खरीदते वक्त ज्यादातर लोग दुकानदार की बात पर भरोसा करते हैं. कुछ लोग जो थोड़ी जानकारी रखते हैं वे BIS हॉलमार्क देखते हैं, जो सोने की गुणवत्त और शुद्धता की पुष्टि करता है. मगर जब गुणवत्ता की गारंटी देने वाली मशीनें ही सोने में मिलावट को न पकड़ पाएं तो क्या होगा? मिलावट के हालिया मामले में भी यही सामने आया है. रिपोर्ट के मुताबिक एक डीलर ने तो रेनियम पाउडर का सैंपल न सिर्फ चीन से मंगाया, बल्कि जोधपुर के एक जौहरी के साथ मिलकर इस सैंपल का प्रयोग भी किया.
CNBC की रिपोर्ट के मुताबिक जोधपुर के जौहरी के साथ मिलकर जो प्रयोग किया गया उसमें 7.83 ग्राम 24 कैरेट सोने में 1 ग्राम रेनियन पाउडर मिलाया गया, जिससे इसका वजन 8.83 ग्राम हो गया. जब इसकी जांच कराई गई तो हॉलमार्किंग मशीन ने इसे 24 कैरेट का ही माना. जब इससे एक और धातु मिलाकर 22 कैरेट की ज्वैलरी तैयार की गई तो वो भी वापस हो गई, जबकि इसमें सोने की असल मात्रा 20 कैरेट ही थी.दावा तो ये किया गया है कि ये ज्वैलरी सिर्फ एक जगह नहीं बल्कि कई जगह जांची गई और हर जगह ये पास हो गई.
सोने में किसी भी तरह की मिलावट रोकने के लिए भारतीय मानक ब्यूरो यानी BIS ने हॉलमार्किंग की व्यवस्था की है. जो ये बताता है कि असल में सोना कितना शुद्ध है. यह सोने से बनी हर ज्वैलरी में अनिवार्य है. इसके हिसाब से 22 कैरेट सोना को 99.5 प्रतिशत शुद्ध माना जाता है, जबिक 22 कैरेट सोना 91.6 प्रतिशत शुद्ध होता है. 18 कैरेट सोना 75 प्रतिशत और 14 कैरेट सोना 58.5 प्रतिशत शुद्ध होता है.
ज्वैलर तैयार की गई ज्वैलरी को BIS से मान्यता प्राप्त हॉलमार्किंग सेंटर भेजते हैं. यहां उनका वजन किया जाता है और XRF मशीन से सोने की शुद्धता जांची जाती है. निर्धारित प्रक्रिया के तहत सैंपल लेकर जरूरत के अनुसार फायर असे से भी जांच होती है. मानक पर खरा उतरने वाले आभूषण के लिए BIS सर्वर छह अंकों का HUID नंबर जारी करता है.ज्वैलरी पर BIS का लोगों और HUID नंबर लिखा जाता है. ऐसे ज्वैलरी की जांच से लेकर उसकी पहचान तक एक डिजिटल रिकॉर्ड तैयार होता है.
हॉलमार्किंग सेंटरों में इस्तेमाल होने वाली प्रमुख मशीन XRF होती है. यह एक्सरे से पता लगाती है कि ज्वैलरी में असल में सोने की मात्रा कितनी है. हालांकि इसकी भी एक सीमा है अगर डिजाइन ज्यादा घनी है या अंदर और बाहरी परत पर धातु की संरचना अलग अलग है तो यह पूरी तस्वीर नहीं बता सकती. ऐसे में फायर असे किया जाता है. इस प्रक्रिया में सोने की जांच लैब में की जाती है और इसके लिए ज्वैलरी से लिया गया नमूने की जांच होती है.दूसरी धातुओं को अलग अलग करके उनकी वास्तविक मात्रा की जांच होती है. अगर हॉलमार्क में गड़बड़ी मिलती है तो संबंधित सेंटर के खिलाफ कार्रवाई हो सकती है.

मैं इस समय News18 App टीम का हिस्सा हूं. इससे पहले मैंने, अमर उजाला, हिंदुस्तान जैसे प्रतिष्ठित अखबारों में काम किया है. साथ ही टाइम्स नाउ, जागरण और टीवी9 भारतवर्ष की वेबसाइट में राजनीति, इतिहास, शिक्षा, साहित्…
और पढ़ें
खबरें पढ़ने का बेहतरीन अनुभव
QR स्कैन करें, डाउनलोड करें News18 ऐप या वेबसाइट पर जारी रखने के लिए यहां क्लिक करें
login
