रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कैथल

स्वनिधि योजना के लंबित आवेदनों का प्राथमिकता से निपटारा करें बैंक :डीसी – Priority Disposal Of Pending Applications Of Swanidhi Yojana Bank: Dc

November 26, 2026


कैथल। उपायुक्त अपराजिता ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत पात्र रेहड़ी-पटरी संचालकों को समय पर ऋण उपलब्ध करवाया जाए। बैंक स्तर पर लंबित आवेदनों का प्राथमिकता से निपटारा करें, ताकि जरूरतमंद लोगों को योजना का लाभ लेने में परेशानी न हो। ये निर्देश उपायुक्त ने बुधवार को अपने कार्यालय में जिला स्तरीय निगरानी समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए बैंक अधिकारियों को दिए।

बैठक में योजना की प्रगति और ऋण वितरण की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि जिले में अब तक योजना के तहत 13 हजार 547 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें पहली किस्त के तहत 7,476, दूसरी किस्त के तहत 2,263 और तीसरी किस्त के तहत 805 लाभार्थियों को ऋण दिया जा चुका है। डीसी ने कहा कि योजना का उद्देश्य रेहड़ी-पटरी संचालकों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और स्वरोजगार के लिए आसान ऋण उपलब्ध करवाना है। बैंक आवेदनों की प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न करें और पात्र लोगों को निर्धारित समय में ऋण दें। उन्होंने बताया कि योजना की शुरुआत 1 जून 2020 को हुई थी। अब इसकी अवधि बढ़ाकर 31 मार्च 2030 तक कर दी गई है। इसके तहत पहली किस्त में 15 हजार, दूसरी किस्त में 25 हजार और तीसरी किस्त में 50 हजार रुपये तक ऋण देने का प्रावधान है। बैठक में डीएमसी कपिल शर्मा, शुगर मिल एमडी कृष्ण कुमार और एलडीएम सुमन कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X