उचाना। पूर्व केंद्रीय मंत्री व कांग्रेस नेता चौ. बीरेंद्र सिंह द्वारा भाजपा नेताओं को कसाई की संज्ञा देने पर उचाना के विधायक देवेंद्र चतरभुज अत्री ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि चौ. बीरेंद्र सिंह बौखलाए हुए हैं। उनकी बौखलाहट इतनी बढ़ गई है कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि वे क्या बोल रहे हैं। उन्हें अपने गिरेबान में झांककर देखना चाहिए कि दो-अढ़ाई साल पहले वे कहां थे।
विधायक देवेंद्र अत्री बुधवार को हाईवे स्थित अतिरिक्त अनाज मंडी के गेट नंबर दो पर मार्केट कमेटी के नए कार्यालय भवन के शिलान्यास कार्यक्रम में पहुंचे थे। यहां मार्केट कमेटी चेयरमैन सुरेंद्र खरकभूरा और वाइस चेयरमैन प्रवीण गर्ग की अगुवाई में उनका स्वागत किया गया।
पत्रकारों से बातचीत में विधायक ने कहा कि विपक्ष की मंशा सत्ता प्राप्त कर उसे हड़पने की है, लेकिन लोकतंत्र में ऐसा नहीं होता। जनता का आशीर्वाद जिसको मिलता है, वही आगे बढ़ता है। केंद्र और हरियाणा में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनना इसका प्रमाण है। उन्होंने वोट चोरी के आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जनता का विश्वास जीता है। इसी के चलते भाजपा को लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का अवसर मिला है।
1.08 करोड़ रुपये से बनेगा दो मंजिला कार्यालय
विधायक ने बताया कि मार्केट कमेटी कार्यालय की नई दो मंजिला इमारत के निर्माण पर एक करोड़ आठ लाख रुपये खर्च होंगे। आढ़तियों और किसानों की यह वर्षों पुरानी मांग थी, जिसे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उचाना विकास रैली में मंजूरी दी थी। अब निर्माण कार्य शुरू होने से यह मांग पूरी होगी। उन्होंने कहा कि सरकार विकसित भारत, विकसित हरियाणा और विकसित उचाना के संकल्प को लेकर निरंतर काम कर रही है। इस अवसर पर मार्केटिंग बोर्ड के एक्सईएन प्रदीप शर्मा, एसडीओ रोशन मोर और सचिव योगेश कुमार मौजूद रहे।