शनिवार, 14 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कोटद्वार

हाथी दांत प्रकरण :रेंजर जोशी को लालढांग का अतिरिक्त प्रभार – Ivory Case: Ranger Joshi Given Additional Charge Of Laldhang

November 14, 2026


तत्कालीन मालखाना प्रभारी के निलंबन आदेश का इंतजार

संवाद न्यूज एजेंसी

कोटद्वार। लालढांग रेंज के स्टोर से हाथी दांत गायब होने के मामले में रेंज अधिकारी अनुराग जोशी के निलंबन के बाद वन विभाग ने वहां की जिम्मेदारी कोटद्वार के रेंजर विपिन चंद्र जोशी को सौंप दी है। लैंसडौन वन प्रभाग के डीएफओ तरुण एस. ने उन्हें लालढांग रेंज का अतिरिक्त प्रभार देने के आदेश जारी कर दिए हैं।

वहीं, तत्कालीन मालखाना प्रभारी डिप्टी रेंजर भगवत प्रसाद भदूला के निलंबन आदेश का भूमि संरक्षण वन प्रभाग लैंसडौन की डीएफओ को अभी इंतजार है। दूसरी ओर, हाथी दांत चोरी के मामले में फरार दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से पुलिस के हाथ अब तक कोई बरामदगी नहीं लग पाई है। लालढांग रेंज के स्टोर से 35.045 किलोग्राम वजन के पांच हाथी दांत गायब होने के मामले में प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख (पीसीसीएफ/हॉफ) कपिल लाल ने रेंज अधिकारी अनुराग जोशी और तत्कालीन मालखाना प्रभारी डिप्टी रेंजर भगवत प्रसाद भदूला को निलंबित कर दिया था। आदेश मिलने के बाद लैंसडौन वन प्रभाग के डीएफओ तरुण एस. ने लालढांग रेंज का अतिरिक्त कार्यभार कोटद्वार के रेंजर विपिन चंद्र जोशी को सौंप दिया।

इधर, तत्कालीन मालखाना प्रभारी भगवत प्रसाद भदूला वर्तमान में भूमि संरक्षण वन प्रभाग लैंसडौन में प्रभारी रेंज अधिकारी के पद पर तैनात हैं। वहां की डीएफओ स्पर्श काला को अभी तक उनका निलंबन आदेश प्राप्त नहीं हुआ है। ऐसे में उन्हें आदेश मिलने का इंतजार है।

.

फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की दबिश

हाथी दांत चोरी के मामले की जांच कर रही कोटद्वार कोतवाली पुलिस अभी मुख्य आरोपी नानू के फरार साथी तक नहीं पहुंच पाई है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। मामले में फरार आरोपी की भूमिका अहम मानी जा रही है। पुलिस का मानना है कि उसकी गिरफ्तारी के बाद ही चोरी किए गए हाथी दांतों की बरामदगी की उम्मीद है। फिलहाल आरोपी की पहचान गोपनीय रखी गई है और उसकी तलाश जारी है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X