बदलती जीवनशैली, देर से शादी, पहली संतान की योजना में देरी और स्तनपान न करवाना महिलाओं में स्तन कैंसर के जोखिम को बढ़ाने वाले कारकों में शामिल हैं। वहीं, पुरुषों में धूम्रपान और तंबाकू का सेवन फेफड़ों और गले के कैंसर का प्रमुख कारण बन रहा है। कैंसर के बढ़ते मामलों के बीच समय पर पहचान और उपचार बेहद जरूरी है। डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा के रेडियोथेरेपी एवं ऑन्कोलॉजी विभाग में हर साल स्तन कैंसर के करीब 350 मामले पहुंच रहे हैं। विशेषज्ञों के अनुसार बढ़ती उम्र, परिवार में कैंसर का इतिहास, आनुवंशिक कारण, मोटापा और शारीरिक गतिविधियों की कमी भी स्तन कैंसर के जोखिम को बढ़ाते हैं। इसके अलावा देर से पहली संतान होना और स्तनपान न करवाना भी जोखिम कारकों में शामिल हैं। पुरुषों में फेफड़ों और गले के कैंसर के मामलों के पीछे धूम्रपान और तंबाकू का सेवन बड़ी वजह है। लंबे समय तक धूम्रपान करने से फेफड़ों के कैंसर का खतरा बढ़ता है। वहीं, शराब और तंबाकू का एक साथ सेवन मुंह और गले के कैंसर की आशंका बढ़ाता है।