रोहतांग दर्रे पर रविवार को बर्फबारी शुरू होते ही पर्यटकों का रोमांच बढ़ गया, लेकिन वाहनों की आवाजाही मुश्किल हो गई। आसमान से गिरते बर्फ के फाहों के बीच सैलानी उत्साहित नजर आए, वहीं सड़क पर फिसलन और वाहनों की बढ़ती संख्या से जाम की स्थिति बन गई। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर रोहतांग दर्रे और उसके पार जाने वाले वाहनों की आवाजाही रोक दी। दर्रे की ओर जा रहे वाहनों को करीब दो किलोमीटर पहले से ही वापस भेजना शुरू कर दिया गया। इससे पर्यटकों को दर्रे तक पहुंचे बिना ही लौटना पड़ा, हालांकि रास्ते में बर्फबारी का नजारा देखकर उन्होंने इसका आनंद भी लिया।