शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
हेल्थ अलर्ट:क्या आपका बच्चा भी एक काम पर नहीं लगा पाता ध्यान, कहीं ज्यादा रील्स देखना तो नहीं है इसका कारण? – Is Screen Time Making Children Less Focused And More Irritable
फिटनेस

हेल्थ अलर्ट:क्या आपका बच्चा भी एक काम पर नहीं लगा पाता ध्यान, कहीं ज्यादा रील्स देखना तो नहीं है इसका कारण? – Is Screen Time Making Children Less Focused And More Irritable

November 12, 2026


क्या आपका बच्चा भी एक जगह-एक काम पर ध्यान केंद्रित नहीं कर पाता है? अगर हां, तो आप इस समस्या से जूझ रहे अकेले व्यक्ति नहीं हैं।

स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, बच्चों में बढ़ती मोबाइल और स्क्रीन की लत ने उनकी सेहत को गंभीर रूप से प्रभावित किया है। ऑनलाइन पढ़ाई, गेमिंग, रील्स देखने और सोशल मीडिया के चक्कर में बच्चों का काफी समय स्क्रीन के सामने गुजर रहा है। कोरोना महामारी के दौरान ऑनलाइन क्लास के कारण बच्चों के हाथों में मोबाइल पहुंचा था, लेकिन अब यह उनकी रोजमर्रा की आदत बन चुका है।

चिंता की बात यह है कि इसका असर सिर्फ उनकी आंखों या शारीरिक गतिविधियों पर ही नहीं पड़ रहा है, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य और दिमागी विकास भी इससे प्रभावित हो रहा है। लगातार मोबाइल देखने वाले बच्चों में एकाग्रता की कमी, चिड़चिड़ापन और नींद से जुड़ी समस्याएं देखने को मिल रही हैं।

ऐसे में सवाल है कि आखिर स्क्रीन टाइम बच्चों के दिमाग को किस तरह प्रभावित कर रहा है?

Is Screen Time Making Children Less Focused and More Irritable

बच्चों में मोबाइल की आदत
– फोटो : Amarujala.com/AI

डिजिटल डिवाइस की लत का शिकार हो रहे बच्चे

मेडिकल रिपोर्ट्स से पता चलता है कि भारत में 8 से 14 साल की उम्र के हर तीन में से एक बच्चा डिजिटल डिवाइस की लत का शिकार हो चुका है। यह स्थिति चिंता बढ़ाने वाली है। मोबाइल की बढ़ती आदत के कारण बच्चों के लिए लंबे समय तक किसी एक काम पर ध्यान देना मुश्किल हो रहा है। इतना ही नहीं, देर रात तक स्क्रीन देखने से उनकी नींद भी प्रभावित हो रही है। अध्ययन में रात के समय स्क्रीन देखने से नींद की गुणवत्ता में 45 प्रतिशत तक गिरावट की बात सामने आई है।

  • नींद की कमी को मोटापा बढ़ाने से लेकर इंफ्लेमेशन और याददाश्त की समस्याओं तक के लिए जिम्मेदार माना जाता रहा है। 
Is Screen Time Making Children Less Focused and More Irritable

ब्रेन पर होने वाला असर
– फोटो : Adobe Stock

अध्ययन में क्या पता चला?

तमाम अध्ययन बच्चों में बढ़ते मोबाइल के इस्तेमाल को लेकर माता-पिता को सावधान कर रहे हैं। जामा साइकेट्री में प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक, दिन में 2 घंटे से ज्यादा स्क्रीन टाइम वाले बच्चों में ध्यान केंद्रित करने की क्षमता 60 प्रतिशत तक कम हो सकती है। 

  • अक्सर मोबाइल से चिपके रहने वाले बच्चों के मूड और व्यवहार में भी बदलाव देखे जा रहे हैं। 
  • से बच्चों में चिड़चिड़ापन और छोटी-छोटी बातों पर अधीर होने की समस्या बढ़ सकती है। 
  • इसका असर उनकी पढ़ाई और रोजमर्रा के कामों पर भी पड़ता है।
Is Screen Time Making Children Less Focused and More Irritable

बच्चों में मोबाइल की लत
– फोटो : FreePik

कैसे  प्रभावित हो रहा दिमाग?

बच्चों का दिमाग विकास की अवस्था में होता है। इस दौरान उन्हें आसपास के माहौल से सीखने, खेलने और लोगों से बातचीत करने की जरूरत होती है। लेकिन जब उनका ज्यादातर समय मोबाइल पर बीतता है, तो वास्तविक दुनिया से उनका जुड़ाव कम होने लगता है।

रील्स और शॉर्ट वीडियो देखने की आदत भी परेशानी बढ़ा सकती है। रील्स में लगातार बदलते वीडियो और नए कंटेंट के कारण बच्चों को तेजी से मनोरंजन मिलने की आदत पड़ जाती है। ऐसे में किताब पढ़ने या किसी एक काम पर लंबे समय तक ध्यान लगाना मुश्किल महसूस हो सकता है।

बच्चों का स्क्रीन टाइम कैसे कम करें?

स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, स्क्रीन टाइम ज्यादा होना बच्चे हों या बुजुर्ग सभी के लिए खतरा बढ़ाने वाला हो सकता है। इसे कम करने के लिए प्रयास करने जरूरी हैं।

  • बच्चों के लिए मोबाइल इस्तेमाल करने का निश्चित समय तय करें।
  • सोने से कम से कम एक घंटा पहले स्क्रीन बंद करवा दें।
  • बच्चों में आउटडोर गेम्स और शारीरिक गतिविधियों की आदत डालें
  • परिवार के साथ बातचीत और खेलकूद का समय बढ़ाएं।
  • खाना खाते समय और सोने के कमरे में मोबाइल इस्तेमाल करने से बचें।

————–

स्रोत:

Smartphone Use During School Hours by US Youth in the Adolescent Brain Cognitive Development Study

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X