150 साल पुरानी चट्टान का हो रहा था एक्स-रे, अचानक स्क्रीन पर दिखा 10 करोड़ साल पुराना खजाना
वॉशिंगटन डीसी: एक अमेरिकी म्यूजियम में करीब 150 साल से रखी बलुआ पत्थर की चट्टान से 10 करोड़ साल पुराना फूल मिला है. यह फूल डायनासोर काल का है और मोनोकॉट प्लांट ग्रुप का सबसे पुराना रेकॉर्ड माना जा रहा है. इसका साइज महज 1.5 मिलीमीटर ऊंचा और 1.2 मिलीमीटर चौड़ा है. फ्लोरिडा म्यूजियम ऑफ नेचुरल हिस्ट्री के पेलियोबॉटनिस्ट प्रोफेसर स्टीवन मैनचेस्टर ने माइक्रो-सीटी एक्स-रे स्कैनिंग के जरिए इसकी पहचान की. यह पत्थर 1870 से 1890 के दशक के बीच अमेरिका के कंसास से जुटाया गया था. उस समय इसे स्मिथसोनियन नेशनल म्यूजियम ऑफ नेचुरल हिस्ट्री में रखा गया था. दशकों तक किसी को अंदाजा नहीं लगा कि इस पत्थर के भीतर फूलों वाले पौधों के विकास का इतना पुराना सबूत दबा है.
कंसास के डकोटा फॉर्मेशन से अमेरिकी जीवाश्म विज्ञान के शुरुआती जानकार लियो लेस्केरेक्स ने यह सैंपल निकाला था. डकोटा फॉर्मेशन अपनी चट्टानों में दबे प्राचीन पौधों के अवशेषों के लिए जाना जाता है. प्रोफेसर स्टीवन मैनचेस्टर ने यह रॉक स्पेसिमेन डकोटाथस नाम के एक दूसरे फूल की स्टडी के लिए उधार लिया था.
वे पत्थर को बिना तोड़े एक्स-रे स्लाइस के जरिए उसका थ्री-डी नक्शा बना रहे थे. इसी स्कैनिंग के दौरान उन्हें भीतर एक अनजान फूल जैसी बनावट दिखी. लाखों साल पहले यह फूल चिकनी मिट्टी वाली रेत में गिरा था. मिट्टी सख्त होने के बाद फूल गल गया, लेकिन चट्टान में उसका खाली सांचा बच गया.
एक्स-रे इमेज को उल्टा करके वैज्ञानिकों ने क्या पता लगाया?
मैनचेस्टर ने अपनी साप्ताहिक ऑनलाइन मीटिंग में यूनिवर्सिटी ऑफ मिनेसोटा के वॉल्टर जड और कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी के डॉ. ब्रूस टिफनी को ये स्कैन दिखाए. दोनों ने तुरंत भांप लिया कि यह ताड़ के पेड़ जैसा मोनोकॉट फूल है. पुष्टि के लिए ब्रिटेन के क्यू गार्डन्स के पाम एक्सपर्ट डॉ. जॉन ड्रैंसफील्ड और प्रोफेसर विलियम जे. बेकर की राय ली गई.
डॉ. ब्रूस एच. टिफनी ने कहा, ‘यह फॉसिल चट्टान में एक खाली जगह की तरह बचा था और इसने फूल के बाहरी रूप को नेगेटिव सांचे में संजोए रखा.’ उन्होंने बताया कि माइक्रो-सीटी तकनीक से इमेज को पलटकर असली फूल जैसा पॉजिटिव रूप तैयार किया गया.
इस फूल में तीन-तीन अंगों के पांच घेरे मिले हैं. इनमें तीन बाह्यदल, तीन पंखुड़ियां और छह पुंकेसर शामिल हैं. इसके अलावा सुराही के आकार के तीन अलग-अलग स्त्रीकेसर भी दिखे हैं.
बलुआ पत्थर के एक नमूने की जांच के दौरान इस अद्भुत जीवाश्म फूल की खोज हुई. इसका आकार और रूप आधुनिक एकबीजपत्री पौधों से मिलता जुलता है और इसे आधुनिक ताड़ के पेड़ों का प्रागैतिहासिक पूर्वज माना जाता है. (Image Credit: Steven Manchester, Florida Museum of Natural History)
आज के किन पेड़-पौधों से मिलता है 10 करोड़ साल पुराने फूल का ढांचा?
- वैज्ञानिकों ने इस प्रजाति को टॉमलिंसोनिएला पेडिसेलाटा नाम दिया है. इसकी बनावट आज के मोनोकॉट फूलों से इतनी मिलती है कि इसका क्रॉस-सेक्शन आधुनिक बॉटनी की किताब के डायग्राम जैसा दिखता है.
- धरती पर सभी फूलों वाले पौधों में करीब 20 प्रतिशत हिस्सा मोनोकॉट समूह का है. इनके बीज में सिर्फ एक शुरुआती पत्ती निकलती है. इंसान के भोजन से जुड़े अनाज और केले के अलावा ऑर्किड, लिली और ट्यूलिप इसी परिवार के पौधे हैं.
- आज के मोनोकॉट फूलों में अलग-अलग स्त्रीकेसर बहुत कम प्रजातियों में बचे हैं. जांच के बाद टीम इस नतीजे पर पहुंची कि यह फॉसिल विलुप्त फैन पाम सबफैमिली के फूल से मेल खाता है. दुनिया में आज मोनोकॉट की करीब 70 हजार जीवित प्रजातियां हैं.
म्यूजियम के पुराने कलेक्शन से आगे कौन से बड़े राज खुल सकते हैं?
रॉयल बॉटैनिक गार्डन्स क्यू के सीनियर रिसर्च लीडर प्रोफेसर विलियम जे. बेकर ने कहा, ‘इस चट्टान से इतने सटीक रूप में एक प्राचीन फूल का निकलना बेहद रोमांचक अनुभव है.’ उन्होंने आगे कहा, ‘यह पुराना फूल हमें इतना जाना-पहचाना और आधुनिक लगता है कि आज भी इस पौधे को जिंदा देखकर हमें हैरानी नहीं होगी.’
डीएनए सबूतों से माना जाता था कि मोनोकॉट पौधे अर्ली क्रेटेशियस काल में पैदा हुए थे, लेकिन उस दौर के जीवाश्म कम ही मिले थे. अब आगे की रिसर्च से पता चलेगा कि यह प्रजाति पौधों के विकास क्रम में कहां बैठती है.
