17 साल पुरानी Wagon R बनी इलेक्ट्रिक, मात्र ₹2.25 लाख खर्च; 110 KM की रेंज
Last Updated:
Maruti Suzuki Wagon R को खरीदने के लिए लाखों रुपये खर्च करने की जरूरत नहीं, क्योंकि मध्य प्रदेश की एक वर्कशॉप ने 17 साल पुरानी पेट्रोल कार को इलेक्ट्रिक बना दिया है. इस यूनिक मॉडिफिकेशन पर करीब ₹2.25 लाख खर्च हुए हैं. कार एक बार फुल चार्ज होने पर 110 किलोमीटर तक चल सकती है और इसकी टॉप स्पीड 75 किमी/घंटा है. जानिए, कैसे हुआ ये कन्वर्जन और क्या पुरानी कार को EV बनाना फायदे का सौदा है.
Wagon R को मात्र ₹2.25 के खर्च पर Electric Car में बदला गया है.
देश की सड़कों पर 25 से अधिक वर्षों से राज करने वाली Maruti Suzuki Wagon R का ऑफिशियल इलेक्ट्रिक अवतार भले ही बाजार में न आया हो, लेकिन एक आफ्टरमार्केट मॉडिफिकेशन वर्कशॉप ने इसे हकीकत बना दिया है. मध्य प्रदेश (MP) की Sriaan Electric Vehicle ने साल 2009 मॉडल की करीब 17 साल पुरानी पेट्रोल वैगनआर को पूरी तरह इलेक्ट्रिक कार में तब्दील किया है.
इस पूरे रेट्रोफिटिंग प्रोसेस में लगभग 2.25 लाख रुपये की लागत आई है. पुरानी और स्क्रैप होने की कगार पर खड़ी गाड़ियों को नया जीवन देने वाला ये प्रयोग न सिर्फ पेट्रोल के बढ़ते खर्च से राहत देता है, बल्कि कार्बन एमीशन घटाने की दिशा में एक किफायती और व्यवहारिक विकल्प के रूप में सामने आया है. आइए जानते हैं कि पुरानी वैगन आर को कैसे EV बनाया गया?
ICE से EV: कैसे हुआ पूरा प्रोसेस?
इस कन्वर्जन के लिए सबसे पहले वैगनआर के पुराने इंटरनल कंबशन (पेट्रोल) इंजन को बाहर निकाला गया.इसके साथ ही साइलेंसर पाइप, एग्जॉस्ट सिस्टम और पेट्रोल फ्यूल टैंक जैसे सभी गैर-जरूरी पार्ट्स हटा दिए गए. कार को इलेक्ट्रिक बनाते समय इन बातों का ध्यान रखा गया-
- गियरबॉक्स और मोटर का तालमेल: पारंपरिक ईवी की तरह सिंगल-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन लगाने के बजाय, मॉडिफायर ने कार के गियरबॉक्स, क्लच और फ्लाईव्हील को बरकरार रखा. मुख्य हाई-वोल्टेज (HV) इलेक्ट्रिक मोटर को सीधे इसी गियरबॉक्स से जोड़ा गया है.
- ई-रिक्शा मोटर से एसी का जुगाड़: सामान्य पेट्रोल इंजन की तरह इलेक्ट्रिक मोटर आइडलिंग (गाड़ी खड़ी रहने) पर चालू नहीं रहती. इसलिए एयर कंडीशनर (AC) कंप्रेसर को चलाने के लिए 1 kW क्षमता की ई-रिक्शा मोटर का अलग से इस्तेमाल किया गया.
- बैटरी और वायरिंग: इंजन बे (बोनट के नीचे) में कस्टम सपोर्ट फ्रेम तैयार कर बैटरी पैक और मेन मोटर को सुरक्षित रूप से फिट किया गया. हाई-वोल्टेज तारों को केबिन के कालीन (कारपेट) के नीचे से सुरक्षित तरीके से बिछाया गया है.
- चार्जिंग पोर्ट सेटअप: इसमें कोई महंगा CCS2 फास्ट चार्जिंग पोर्ट नहीं लगाया गया है, बल्कि पेट्रोल भरने वाले ढक्कन (फ्यूल लिड) के भीतर ही घरेलू 16-एम्पीयर का इंडस्ट्रियल चार्जिंग सॉकेट फिट किया गया है.
परफॉर्मेंस और रेंज का गणित
इस इलेक्ट्रिक वैगनआर की टॉप स्पीड लगभग 75 किमी/घंटा है. वहीं, एक बार फुल चार्ज करने पर ये कार 100 से 110 किलोमीटर की ड्राइविंग रेंज देती है. डेली अर्बन कम्यूटिंग, दफ्तर आने-जाने और लोकल खरीदारी के लिहाज से ये रेंज बेहद किफायती साबित होती है. कार के केबिन में बैटरी और मोटर की रियल-टाइम कंडीशन चेक करने के लिए एक स्मार्ट डिजिटल डिस्प्ले और डीसी-डीसी कनवर्टर भी जोड़ा गया है.
स्क्रैपेज पॉलिसी और रेट्रोफिटिंग
ये मॉडिफिकेशन भारतीय ऑटोमोबाइल जगत के सामने एक बड़ा सवाल खड़ा करता है. एक तरफ जहां 15 साल से पुराने वाहनों पर स्क्रैपेज के कड़े नियम लागू हो रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ मात्र 2.25 लाख रुपये में पुरानी गाड़ी को प्रदूषण-मुक्त इलेक्ट्रिक व्हीकल बनाना एक अच्छा कदम है.
इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स का माना है कि अगर वाहन निर्माता कंपनियां (OEMs) और सरकार मिलकर ऐसी प्रमाणित रेट्रोफिटिंग किट्स को कानूनी मान्यता और सब्सिडी दें, तो आम आदमी को लाखों रुपये की नई इलेक्ट्रिक कार खरीदे बिना ही ग्रीन मोबिलिटी का लाभ मिल सकता है.

राम मोहन मिश्र डिजिटल मीडिया के ऑटोमोटिव जगत में सक्रिय पत्रकार हैं और 2021 से लगातार ऑटो जर्नलिज्म के क्षेत्र में काम कर रहे हैं. वर्तमान में वे न्यूज़18 हिंदी में सीनियर सब-एडिटर के तौर पर ऑटो डेस्क संभाल रहे…
और पढ़ें
