मंगलवार, 17 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
17 साल में 1765 हाथियों की गई जान… आखिर कैसे बिजली करंट से जान गंवा रहे हाथी
नॉलेज

17 साल में 1765 हाथियों की गई जान… आखिर कैसे बिजली करंट से जान गंवा रहे हाथी

November 17, 2026


देश में 17 साल में 1765 हाथियों ने अपनी जान गंवाई है. इनमें से 67 प्रतिशत की जान बिजली करंट की वजह से गई है. केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय ने एक आरटीआई के जवाब में यह आंकड़े दिए हैं. इनमें सबसे आगे ओडिशा है, दूसरे नंबर पर असम और तीसरा स्थान कर्नाटक का है. करंट के अलावा हाथियों की मौत का दूसरा बड़ा कारण ट्रेन से टक्कर और लोगों को द्वारा जहर दिया जाना है.

केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय की ओर से जो आंकड़े दिए गए हैं वे वर्ष 2009 से 2026 के बीच के हैं. इसके मुताबिक 1185 हाथियों की मौत बिजली के करंट से हुई है. ट्रेन की टक्कर से 277 हाथियों ने अपनी जान गंवाई है, जबकि 222 हाथियों का शिकार किया गया है. 81 मामले ऐसे भी थे जहां आसपास के लोगों ने हाथियो को जहर देकर मारा है.

यह आंकड़ा इसलिए भी चौंकाने वाला है, क्योंकि एक तरफ शिकार से 222 हाथियों की जान गई, तो करंट से जान गंवाने वाले हाथियों का आंकड़ा 1185 है जो पांच गुना ज्यादा है. TOI ने पर्यावरणविद् अमित गुप्ता के हवाले से लिखा है कि हाथियों की करंट से मौत सिर्फ हादसा नहीं बल्कि एक बड़ी लापरवाही है. उनके मुताबिक हाथियों के आने जाने वाले रास्तों पर अवैध बिजली की बाड़ लगाई जाती हैं.

कई जगह बिजली के तार नीचे लटकते रहते हैं, जिनमें सुरक्षा के इंतजाम नहीं होते. इसके अलावा करंट से हाथियों की मौत का सबसे बड़ा कारण फसल बचाने के लिए की जाने वाली बिजली की बाड़ है. किसान जंगली सूअर और दूसरे जानवरों से फसल बचाने के लिए बिजली की तार लगाते हैं, कई बार हाथी इनका शिकार हो जाते हैं.

हाथियों की मौत के मामले में ओडिशा सबसे आगे है जहां 371 हाथियों की मौत हुई है, जबकि 356 हाथियों की मौत के साथ असम दूसरे नंबर पर है. कर्नाटक में 223 हाथियों की मौत रिकॉर्ड की गई है. एक तरह से देखें तो तीन राज्यों में ही 950 हाथियों की अकाल मौत हुई है. यानी देश में आधे से ज्यादा हिस्सा इन तीन राज्यों का ही है. इनमें ओडिशा में करंट से 238 हाथियों की मौत हुई थी, जबिक कर्नाटक में 195 हाथियों की जान करंट से गई थी. असम में मरने वाले कुल हाथियों की संख्या में करंट से मरने वालों की संख्या 191 थी.

हाथियों की मौतों के आंकड़े में ट्रेन से टक्कर और शिकार भी बड़ी वजह है. ट्रेन से टक्कर की वजह से असम में 90, पश्चिम बंगाल में 68 और ओडिशा में 45 हाथियों की मौत हुई. हालांकि रेलवे इस तरह के हादसों को रोकने के लिए प्रयास कर रही है. उन रेलवे ट्रैक का सर्वे कराया जा रहा है जहां हाथियों के ट्रेन से टकराने का खतरा ज्यादा है. स्थानीय भाषा जानने वाले गाइड तैयार किए जा रहे हैं इसके अलावा हाथियों के कॉरिडोर की पहचान भी की जा रही है. हाथियों का सबसे ज्यादा शिकार कहां हुआ?

पिछले 17 साल में 222 हाथियों की शिकार की वजह से मौत हुई. इनमें ओडिशा में 66, असम में 27, केरल में 24, मेघालय में 23, कर्नाटक में 22, तमिलनाडु में 22 मामले बताए गए हैं. यह आंकड़ा साइंस कंजर्वेशन में प्रकाशित एक रिसर्च में बताया गया है, जिसमें शिकार से हुई कुल मौतों का आंकड़ा 214 बताया गया है. जबतक सरकार की ओर से RTI के जवाब में यह आंकड़ा 222 बताया गया है.

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X