रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
34 हफ्ते की प्रेग्नेंट महिला ने दौड़ लगाकर पूरी की 7 बड़ी मैराथन, 42 KM का सफर 4 घंटे में किया तय, वायरल पोस्ट
वायरल

34 हफ्ते की प्रेग्नेंट महिला ने दौड़ लगाकर पूरी की 7 बड़ी मैराथन, 42 KM का सफर 4 घंटे में किया तय, वायरल पोस्ट

November 23, 2026


Viral Post : कहते हैं कि अगर इरादे मजबूत हों तो मुश्किल से मुश्किल लक्ष्य भी हासिल किया जा सकता है. अमेरिका की 38 वर्षीय डिएड्रे कीन ने कुछ ऐसा ही कर दिखाया है. वह गर्भावस्था के 34वें हफ्ते में थीं, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने दुनिया की सात बड़ी मैराथन पूरी करने का अपना सपना साकार कर लिया. खास बात यह है कि उन्होंने न्यूयॉर्क मैराथन में 42.2 किलोमीटर की दूरी 4 घंटे, 6 मिनट और 55 सेकंड में तय की. उनकी यह उपलब्धि सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है.

सात मैराथन पूरी करने का था सपना

डिएड्रे पहले से ही लंबी दूरी की दौड़ की शौकीन रही हैं और 60 से ज्यादा मैराथन पूरी कर चुकी थीं. साल 2026 में उन्होंने दुनिया की सात प्रमुख मैराथन में हिस्सा लेने का लक्ष्य बनाया था. शादी के बाद वह अपने पति ब्रायन के साथ परिवार बढ़ाने की योजना भी बना रही थीं. इसी बीच उन्होंने कई प्रतियोगिताओं के लिए रजिस्ट्रेशन करा लिया. हालांकि, उन्हें बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि इस सफर के दौरान उनकी जिंदगी में एक नन्हे मेहमान की भी एंट्री होने वाली है.

दौड़ने की रफ्तार कम हुई तो पता चली प्रेग्नेंसी

डिएड्रे का मैराथन सफर मार्च में टोक्यो से शुरू हुआ. इसके बाद उन्होंने अप्रैल में बोस्टन और लंदन मैराथन में हिस्सा लिया. लेकिन इस दौरान उन्हें महसूस हुआ कि उनकी दौड़ने की गति पहले जैसी नहीं रही. शरीर में बदलाव महसूस होने पर उन्होंने प्रेग्नेंसी टेस्ट किया, जिसका परिणाम पॉजिटिव आया. यह खबर उनके और पति ब्रायन के लिए बेहद खास थी. अब उनके सामने सवाल था कि आगे की प्रतियोगिताओं को लेकर क्या फैसला लिया जाए.

डॉक्टर की सलाह से बदला दौड़ने का तरीका

डिएड्रे ने अपना सपना छोड़ने के बजाय डॉक्टर से सलाह ली और अपनी तैयारी में बदलाव किया. उन्होंने आयरनमैन और अल्ट्रामैराथन जैसी कठिन प्रतियोगिताओं से दूरी बना ली. अब उनका मकसद रिकॉर्ड बनाना नहीं, बल्कि अपनी और बच्चे की सेहत का ध्यान रखते हुए दौड़ पूरी करना था. उन्होंने जरूरत पड़ने पर दौड़ने के बजाय पैदल चलने का फैसला किया. इसके बाद उन्होंने सिडनी, बर्लिन और शिकागो मैराथन में भी हिस्सा लिया. सिडनी में वह 25 हफ्ते, बर्लिन में 29 हफ्ते और शिकागो में 31 हफ्ते की गर्भवती थीं. आखिरकार 34वें हफ्ते में न्यूयॉर्क मैराथन पूरी करके उन्होंने अपना लक्ष्य हासिल कर लिया.

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X