रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
त्योहारी सीजन में टूटा सेल्स रिकॉर्ड! 42 दिन में बिकी 55 लाख गाड़ियां, EV की धूम
ऑटो

त्योहारी सीजन में टूटा सेल्स रिकॉर्ड! 42 दिन में बिकी 55 लाख गाड़ियां, EV की धूम

November 23, 2026


इंडियन ऑटो मार्केट ने साल 2026 के त्योहारी सीजन में एक नया इतिहास रच दिया है. फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (FADA) द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, 42 दिनों की इस त्योहारी अवधि में देश भर में रिकॉर्ड 55,25,490 वाहनों की रिटेल सेल की है. ये पिछले साल बिके 54,05,956 वाहनों के मुकाबले 2.21 प्रतिशत अधिक है, जबकि 2024 के त्योहारी सीजन की तुलना में इसमें 23.95 प्रतिशत की भारी बढ़ोतरी देखी गई है.

इस रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन में इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) की सबसे अहम भूमिका रही, जिनकी बिक्री ने पहली बार 5 लाख का आंकड़ा पार किया है. नवरात्रि के दौरान सुस्त शुरुआत के बाद धनतेरस और दीपावली पर ग्राहकों की जबरदस्त खरीदारी ने पूरे बाजार को पॉजिटिव बढ़त दिलाई. ये शानदार प्रदर्शन भारतीय ग्राहकों की बदलती पसंद और बढ़ते भरोसे को दर्शाता है.

टू-व्हीलर और कमर्शियल व्हीकल ने भरी रफ्तार

कुल बिक्री में दोपहिया वाहनों की हिस्सेदारी सबसे बड़ी रही, जहां 3.67 प्रतिशत की बढ़त के साथ 43,13,276 यूनिट्स बेची गई हैं. तिपहिया वाहनों की बिक्री भी 5.32 प्रतिशत बढ़कर 1,93,576 यूनिट्स पर पहुंच गई. इसके अलावा, कमर्शियल व्हीकल सेगमेंट में 7.13 प्रतिशत की मजबूती के साथ 1,55,761 वाहन बिके, जबकि ट्रैक्टर की बिक्री 2.24 प्रतिशत बढ़कर 1,03,809 यूनिट्स रही. वहीं, कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट कैटेगरी में सबसे तेज 26.06 प्रतिशत का सालाना उछाल देखा गया और कुल 10,452 यूनिट की बिक्री हुई.

पैसेंजर व्हीकल सेगमेंट में दिखी हल्की गिरावट

जहां लगभग सभी सेगमेंट ने बढ़त हासिल की, वहीं पैसेंजर व्हीकल्स (कारों) की बिक्री में सालाना आधार पर 7.16 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई. इस त्योहारी सीजन में कुल 7,48,616 पैसेंजर वाहन बिके, जबकि पिछले साल ये आंकड़ा 8,06,322 यूनिट था. FADA के अनुसार, पिछले साल GST 2.0 के कारण बने हाई बेस की वजह से ये गिरावट दिख रही है. हालांकि, नवरात्रि के दौरान कारों की बिक्री 18 प्रतिशत से ज्यादा नीचे थी, लेकिन धनतेरस और दीपावली के दौरान मांग बढ़ने से इस अंतर को काफी हद तक कम कर लिया गया.

EV ने रचा नया कीर्तिमान

इस त्योहारी सीजन का सबसे बड़ा आकर्षण इलेक्ट्रिक वाहन रहे, जिनकी कुल बिक्री 52.62 प्रतिशत उछलकर 5,09,667 यूनिट पर पहुंच गई. कुल वाहन बिक्री में ईवी की हिस्सेदारी अब लगभग 9.22 प्रतिशत हो गई है. इसमें इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों का दबदबा रहा, जिनकी बिक्री 61.10 प्रतिशत बढ़कर 3,30,846 यूनिट रही.

इलेक्ट्रिक तिपहिया वाहनों की बिक्री 25.45 प्रतिशत बढ़कर 1,20,330 यूनिट और इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री 72.91 प्रतिशत की छलांग के साथ 52,104 यूनिट दर्ज की गई. वहीं, इलेक्ट्रिक कमर्शियल वाहनों की बिक्री 154.56 प्रतिशत बढ़कर 6,387 यूनिट पर पहुंच गई. FADA अध्यक्ष साई गिरिधर के मुताबिक, ये रफ्तार भारत को इस साल पहली बार 3 करोड़ सालाना वाहन बिक्री के ऐतिहासिक लक्ष्य के करीब ले जा रही है.

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X