40 मीटर ऊंचाई-20 अफ्रीकन हाथियों के बराबर वजन… मिल गया धरती का वो राक्षस जो मांस ही नहीं खाता था
जब हम डायनासोर की बात करते हैं तो ऐसा जानवर दिमाग में आता है जिसे साइंस में सॉरोपोड्स कहा गया है या लंबी गर्दन वाले ब्रैकियोसॉरस और डिप्लोडोकस. तकरीबन 150 मिलियन साल पहले ये विशाल जानवर अब तक का धरती का सबसे बड़ा जीव माना जाता है. वैज्ञानिकों का अनुमान है कि इनकी लंबाई 40 मीटर तक थी और वजन 80 टन, इतना था जिसमें कम से कम 20 अफ्रीकन हाथी समा जाएं.
वैज्ञानिकों के मुताबिक यह शुरुआत नहीं थी. सॉरोपॉड के पूर्वजों को इतनी भारी शरीर विकसित करने में लाखों साल लग गए. द कन्जर्वेशन में प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक साउथ अफ्रीका में मिले नए डायनासोर के जीवाश्म ने इस सवाल का जवाब खोजने में मदद की है. तकरीबन 210 मिलियन साल पहले रहने वाले इस डायनासोर को रूइवालेन्सिस कहा गया है. इसकी सबसे खास बात यह है कि यह आकार में बड़ा होने के बावजूद बेहद कम उम्र का था. खास बात ये थी कि विशालकाय जानवर पूरी तरह शाकाहारी था.
सॉरोपोड्स डायनासोर का वह समूह था, जिसमें ब्रैकियोसॉरस और डिप्लोडोकस जैसे लंबी गर्दन वाले विशाल शाकाहारी डायनासोर शामिल थे. इनके पूर्वजों को सॉरोपोडोमॉर्फ कहा जाता है. यह शुरुआती दौर में आज के विशाल सॉरोपोड्स जितने बड़े नहीं थे. समय के साथ उनके शरीर का आकार बढ़ता गया और विकास की प्रक्रिया ने उन्हें धरती के सबसे विशाल स्थलीय जीवों में बदल दिया. साउथ अफ्रीका की जीवाश्म-समृद्ध चट्टानें इस विकासवादी यात्रा के शुरुआती चरणों को समझने में भूमिका निभाती हैं. यहां मिले जीवाश्म बताते हैं कि इन डायनासोरों के शरीर, खोपड़ी और बढ़ने की प्रक्रिया में बदलाव आए.
न्याना रूइवालेन्सिस का जीवाश्म दक्षिण अफ्रीका के ईस्टर्न केप प्रांत में क्वेमेघा गांव के पास, लेसोथो की सीमा से दूर मिला. यह जीवाश्म इलियट फॉर्मेशन की निचली चट्टानों में मिला है. इलियट फॉर्मेशन चट्टानों का एक ऐसा क्रम है, जो करीब 215 से 185 मिलियन साल पहले के समय को बताता है. उस दौर में इस इलाके में नदियां बहती थीं.
जब नदियां उफान पर आती थीं, तो अपने साथ मिट्टी और रेत बहाकर लाती थीं. इसी तलछट में मृत डायनासोरों के कंकाल दब गए और लाखों साल तक जीवाश्म के रूप में सुरक्षित रहे. अब फिर ये जीवाश्म सतह पर आने लगे हैं. वैज्ञानिक पिछले 150 साल से इस इलाके के जीवाश्मों का अध्ययन कर रहे हैं, लेकिन न्याना की खोज ने इस क्षेत्र के शुरुआती डायनासोरों के बारे में जानकारी दी है.
न्याना रूइवालेन्सिस की सबसे बड़ी खासियत लगभग पूरी और बेहद अच्छी तरह सुरक्षित खोपड़ी है. लेट ट्राइएसिक काल के इस हिस्से से पहले वैज्ञानिकों को इतनी अच्छी स्थिति में डायनासोर की खोपड़ी नहीं मिली थी. इससे पहले इलियट फॉर्मेशन के निचले ट्राइएसिक स्तरों से केवल खोलुमोलुमो नामक डायनासोर की खोपड़ी का टुकड़ा मिला था. न्याना की खोपड़ी में ब्रेनकेस, तालू और जीभ, गले तथा आंखों से जुड़ी हड्डियां सुरक्षित हैं. ये ऐसे हिस्से हैं, जिनका अध्ययन अधूरे जीवाश्मों के आधार पर मुश्किल होता है. इस खोपड़ी की मदद से वैज्ञानिक शुरुआती सॉरोपोडोमॉर्फ के शरीर की बनावट को बेहतर ढंग से समझ सकते हैं.
न्याना रूइवालेन्सिस का अनुमानित वजन करीब 400 किलोग्राम था. पहली नजर में यह एक काफी बड़े डायनासोर का आकार लगता है, लेकिन वैज्ञानिकों के मुताबिक जब इसकी मौत हुई, तब यह अभी बहुत छोटा था. यह पता लगाने के लिए कि डायनासोर की उम्र कितनी थी, वैज्ञानिकों ने इसकी जीवाश्म हड्डियों का माइक्रोस्कोप के नीचे अध्ययन किया. इस तकनीक को ऑस्टियोहिस्टोलॉजी कहा जाता है. इसमें हड्डियों के बेहद पतले हिस्सों को देखकर उनके अंदर मौजूद टिश्यू की बनावट का अध्ययन किया जाता है.
वैज्ञानिकों के मुताबिक, कम उम्र में इतना बड़ा शरीर विकसित करना इस बात का संकेत है कि सॉरोपोडोमॉर्फ डायनासोरों में तेजी से बढ़ने की क्षमता शुरुआती विकासवादी दौर में ही मौजूद थी. बाद के सॉरोपोड्स ने इसी तरह की विकास रणनीति को आगे बढ़ाया और समय के साथ उनका आकार बहुत ज्यादा बढ़ गया. इस डायनासोर को वैज्ञानिकों ने प्यार से ‘बिग बेबी’ नाम दिया था. इसकी उम्र और शरीर के आकार को देखते हुए यह नाम काफी दिलचस्प था.
