Rishikesh News:शिक्षिकाओं की गैरमौजूदगी की मार, पढ़ाई के लिए बच्चे लाचार – Absence Of Teachers Takes Its Toll; Children Left Struggling For An Education
– बीईओ मनीष नेगी के औचक निरीक्षण में खुली व्यवस्थाओं की पोल, कक्षा चार और पांच के बच्चों का लिया टेस्ट- दो शौचालय जर्जर मिले, दूसरे स्कूलों से बुलाए जा रहे शिक्षक
यमकेश्वर। राजकीय प्राथमिक विद्यालय बिन्जाखेत में दो शिक्षिकाओं के मेडिकल अवकाश पर जाने और स्थानांतरण के बावजूद कार्यमुक्त न होने से शिक्षकों की कमी बनी हुई है। इससे पठन-पाठन प्रभावित हो रहा है। फिलहाल शिक्षण व्यवस्था बनाए रखने के लिए आमड़ी, धमांद और मलेलगांव के प्राथमिक विद्यालयों से बारी-बारी शिक्षकों को भेजा जा रहा है।
सोमवार को खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) मनीष नेगी ने विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षा चार और पांच के विद्यार्थियों का टेस्ट लेकर शैक्षिक गुणवत्ता परखी। साथ ही मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण में विद्यालय के तीन शौचालयों में से दो जर्जर मिले, जबकि केवल एक ही उपयोग योग्य पाया गया।
बता दें कि ड्यूटी में लापरवाही के मामले में प्रधानाध्यापिका ममता रतूड़ी का स्थानांतरण द्वारिखाल ब्लॉक के राजकीय प्राथमिक विद्यालय भरग्वाड़ी और सहायक अध्यापिका ममता रानी शर्मा का बीरोंखाल विकासखंड के राजकीय प्राथमिक विद्यालय सैंदधार में किया गया है। हालांकि, दोनों के मेडिकल अवकाश पर होने के कारण पद औपचारिक रूप से रिक्त नहीं हो पाए हैं।
इसके बाद बीईओ ने देवीखाल स्थित एकमात्र अशासकीय जूनियर हाईस्कूल का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने शैक्षिक गतिविधियों और मध्यान्ह भोजन व्यवस्था की जानकारी ली। इस दौरान भोजन माता लकड़ी जलाकर भोजन बनाती मिलीं।
– राप्रावि बिन्जाखेत का सोमवार को निरीक्षण किया गया। विद्यालय में पूर्व में तैनात दोनों शिक्षिकाओं के कार्यमुक्त होने तक वैकल्पिक व्यवस्था जारी रहेगी। इसके लिए विकासखंड के अलग-अलग विद्यालयों से शिक्षकों को भेजा जाता रहेगा, ताकि छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित न हो। – मनीष नेगी, खंड शिक्षा अधिकारी, यमकेश्वर।
