Diwali Special Flaky Shakkarpara : दिवाली पर इस तरह बनाएं हलवाई स्टाइल खस्ता शक्करपारा, स्वाद ऐसा कि मुंह में घुल जाए
How To Make Crispy Flaky Shakkarpara : दिवाली का त्योहार नजदीक आते ही हर घर में मिठाइयों और स्नैक्स की महक आने लगती है. इस रोशनी के पर्व पर मेहमानों का आना-जाना और एक-दूसरे का मुंह मीठा कराना तो जैसे परंपरा बन चुका है. अगर इस दिवाली आप भी कुछ ऐसा खास बनाना चाहते हैं, जो खाने में बेहद स्वादिष्ट हो और जिसे देखकर हर कोई आपकी तारीफ करे, तो शक्करपारा (Shakkarpara) से बेहतर और कुछ नहीं हो सकता.
शक्करपारा हर भारतीय परिवार का पसंदीदा फेस्टिव स्नैक है. लेकिन अक्सर शिकायत होती है कि घर पर बनाए गए शक्करपारे बाजार जैसे खस्ता और परतदार (Flaky) नहीं बनते. तो अब चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है! आज हम आपके लिए लेकर आए हैं एक बेहद आसान रेसिपी, जिससे आपके शक्करपारे बिल्कुल हलवाई जैसे खस्ता और क्रिस्पी बनेंगे. आइए जानते हैं इसे बनाने का सही और आसान तरीका.
खस्ता और मुंह में घुल जाने वाले शक्करपारे की रेसिपी.(Image : Instagram-homemaker_sneh)
आवश्यक सामग्री (Ingredients):
मैदा: 2 कप
दूध: आधा कप
चीनी: आधा कप
घी: 4 से 5 बड़े चम्मच
इलायची पाउडर: थोड़ा सा (खुशबू और स्वाद के लिए)
बनाने की आसान विधि (Step-by-Step Method):
दूध और चीनी का घोल तैयार करें:
सबसे पहले एक सॉस पैन में दूध, चीनी और घी लें. इसे हल्की आंच पर तब तक गर्म करें जब तक चीनी पूरी तरह से घुल न जाए. ध्यान रहे कि इसे उबालना बिल्कुल नहीं है, बस हल्का गर्म करना है.
इलायची मिलाएं:
अब इसमें थोड़ा सा इलायची पाउडर डालकर अच्छे से मिला लें ताकि शक्करपारे में बढ़िया खुशबू आए.
मिश्रण को मैदे में मिलाएं:
तैयार किए गए इस गुनगुने मिश्रण को थोड़े-थोड़े हिस्से में मैदे में डालें. सारा मिश्रण एक साथ न डालें, वरना मैदा जरूरत से ज्यादा गीला हो सकता है.
आटा गूंथें नहीं, बस मिलाएं:
यह इस रेसिपी का सबसे अहम हिस्सा है! आटे को बहुत ज्यादा या जोर लगाकर नहीं गूंथना है. जैसे ही सब कुछ एक साथ मिलने लगे, हाथ रोक दें. अगर थोड़ा दूध का मिश्रण बच भी जाए, तो उसे छोड़ दें.
तुरंत बेलें और काटें:
इस आटे को रेस्ट (आराम) देने की कोई जरूरत नहीं है! तुरंत ही आटे को थोड़ा मोटा बेल लें और अपनी पसंद के अनुसार चौकोर (Square) टुकड़ों में काट लें. इसे थोड़ा मोटा रखने से ही शक्करपारे में बढ़िया परतें (Flakes) आती हैं.
धीमी आंच पर तलें:
अब कड़ाही में तेल गर्म करें और शक्करपारों को धीमी से मध्यम आंच (Low to Medium heat) पर सुनहरा और क्रिस्पी होने तक तल लें.
कुछ जरूरी और खास टिप्स (Important Tips):
आटा न मसलें: आटे को सख्त हाथों से बिल्कुल न गूंथें. हलवाई जैसी परतें पाने के लिए हल्के हाथों से इसे समेटना जरूरी है.
मोटा रखें: शक्करपारों को पतला न बेलें, इन्हें थोड़ा मोटा रखेंगे तभी अंदर से खस्ता और परतदार बनेंगे.
तुरंत चम्मच न चलाएं: तेल में शक्करपारे डालने के बाद तुरंत झारा या कलछी न लगाएं. जब वे खुद-ब-खुद तेल की सतह पर तैरने लगें, तब उन्हें हल्के हाथों से पलटें और सुनहरा होने तक तलें. तुरंत हिलाने से वे तेल में बिखर सकते हैं.
निकालकर रखें: अब सावधानी से इन सुनहरे हुए शकरपारों को एक प्लेट में निकालें और ठंडा होने दें. जब ये पूरी रह से ठंडा हो जाए तब ही इन्हें एयरटाइट डिब्बे में स्टोर करें.
तो इस दिवाली बाजार की मिलावटी मिठाइयों से दूर रहें और अपने हाथों से बने इस स्वादिष्ट, खस्ता और मुंह में घुल जाने वाले शक्करपारे का आनंद लें.
