Rampur Bushahar News:आनी स्कूल के विद्यार्थी लोकनृत्य में तीसरी बार राज्य विजेता – Students Of Ani School 3rd Time State Winner In Folk Dance
राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल का करेंगे प्रतिनिधित्व, विद्यालय में हुआ स्वागत
संवाद न्यूज़ एजेंसी
आनी (कुल्लू)। पीएमश्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला आनी के विद्यार्थियों ने राज्य स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर के लिए जगह बनाई है। 19 वर्ष से कम आयुवर्ग में विद्यालय की टीम ने लोकनृत्य में लगातार तीसरी बार राज्य स्तर पर पहला स्थान हासिल किया। वहीं, 14 वर्ष से कम आयुवर्ग में भी टीम दूसरी बार लोकनृत्य में राज्य विजेता बनी। सोलन जिले के अर्की में आयोजित प्रतियोगिता में एकल गान में रोहित चौधरी ने उपविजेता स्थान प्राप्त किया। विद्यालय की लोकनृत्य टीम वर्ष 2022 में राष्ट्रीय स्तर पर विजेता रह चुकी है। अब चयनित विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस उपलब्धि पर विद्यालय में प्रधानाचार्य शालू ठाकुर और विद्यालय प्रबंधन समिति की उपाध्यक्ष रीना ठाकुर के नेतृत्व में विद्यार्थियों का फूलमालाओं से स्वागत किया गया। प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों और मार्गदर्शक शिक्षकों को बधाई देते हुए सफलता का श्रेय मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास को दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से शैक्षणिक क्षेत्र में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
