शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
यमुनानगर

Yamuna Nagar News:शहर की हवा फिर हुई प्रदूषित, एक्यूआई 208 तक पहुंचा – City’s Air Turns Polluted Again; Aqi Reaches 208

November 3, 2026


यमुनानगर। शहर की हवा एक बार फिर प्रदूषण की चपेट में आ गई है। सोमवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) बढ़कर 208 तक पहुंच गया, जबकि रविवार को यह 186 दर्ज किया गया था।

यानी एक दिन में प्रदूषण के स्तर में 22 अंकों की बढ़ोतरी हुई। इससे पहले शनिवार को एक्यूआई घटकर 151 पर आ गया था। वहीं, 22 अक्तूबर को प्रदूषण का स्तर 218 और 23 अक्तूबर को 232 तक पहुंच गया था। लगातार बदलते प्रदूषण स्तर के बीच शहरवासियों को धूल और धुएं के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

शहर की सड़कों के किनारे जमा धूल और जगह-जगह जलाया जा रहा कूड़ा प्रदूषण बढ़ने के प्रमुख कारण बन रहे हैं। हालात यह हैं कि भारी वाहनों के गुजरते ही सड़कों पर धूल का गुबार उठने लगता है। कई प्रमुख सड़कों के किनारे धूल की मोटी परत जमा है। वाहनों की आवाजाही के दौरान धूल हवा में घुलकर आसपास के वातावरण को प्रदूषित कर रही है।

इसके अलावा जिले में धान की कटाई भी अंतिम चरण में है। कटाई और फसल की सफाई के दौरान खेतों में उड़ने वाली धूल भी हवा की गुणवत्ता को प्रभावित कर रही है। सड़कों पर नियमित सफाई नहीं होने और धूल को नियंत्रित करने के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से समस्या लगातार बनी हुई है। लोगों का कहना है कि सड़कों के किनारे जमा धूल की नियमित सफाई करवाई जानी चाहिए। इसके साथ ही खुले में कूड़ा जलाने वालों पर कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि प्रदूषण पर अंकुश लगाया जा सके।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदूषण के कारण कई तरह की परेशानियां हो सकती हैं। ऐसे में सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव है। उन्होंने कहा कि बाहर निकलते समय मास्क का उपयोग करें। वहीं, आंखों के लिए धूप का चश्मा लगाएं। प्रदूषण के कारण आंखों में जलन, गले में खराश की परेशानी हो सकती है। वहीं, धूल-मिट्टी के कारण खाज-खुजली सहित त्वचा संबंधी परेशानी का सामना भी करना पड़ सकता है। ऐसे में बाहर से आने के बाद हाथ-मुंह अवश्य धोना चाहिए। संवाद

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X