Mahendragarh-narnaul News:योगासन में महेंद्रगढ़ के राकेश ने जीता गोल्ड तो निशु को मिला सिल्वर – In Yogasana, Rakesh From Mahendragarh Won Gold, While Nishu Secured Silver
महेंद्रगढ़। योगासन के क्षेत्र में महेंद्रगढ़ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। नारनौल के सीएल पब्लिक स्कूल में एक नवंबर को आयोजित छठी जिला योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप 2026 में गौतम बुद्ध स्पोर्ट्स एकेडमी महेंद्रगढ़ के खिलाड़ियों ने एक स्वर्ण और एक रजत पदक हासिल किया।
एकेडमी के कोच लोकेश सैनी ने बताया कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, लगन और अभ्यास के दम पर बेहतरीन प्रदर्शन किया। सीनियर आयु वर्ग की ट्रेडिशनल योगासन स्पर्धा में राकेश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, सीनियर आयु वर्ग की आर्टिस्टिक सिंगल स्पर्धा में निशु ने बेहतरीन प्रदर्शन कर रजत पदक हासिल किया।
दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से एकेडमी में खुशी का माहौल है। पदक विजेता खिलाड़ियों ने अपनी सफलता का श्रेय कोच लोकेश सैनी के मार्गदर्शन, नियमित अभ्यास और प्रोत्साहन को दिया। उन्होंने कहा कि कोच के सहयोग से उन्हें अपनी योगासन कला को बेहतर बनाने का अवसर मिला।
कोच लोकेश सैनी ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि खेलों में सफलता पाने के लिए मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास जरूरी है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से एकेडमी के अन्य युवाओं को भी खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
