Kangra News:दाड़ी डाकघर में चोरी का आरोपी गिरफ्तार, 1.45 लाख रुपये बरामद – Accused In Dadi Post Office Theft Arrested; Rs 1.45 Lakh Recovered
1.85 लाख रुपये की नकदी पर किया था हाथ साफ, छत्तीसगढ़ का रहने वाला है आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। दाड़ी स्थित डाकघर से 1.85 लाख रुपये की नकदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की नकदी में से 1.45 लाख रुपये बरामद किए हैं।
एसपी कांगड़ा की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 28 अक्तूबर 2026 की देर रात दाड़ी डाकघर में चोरी की वारदात हुई थी। डाकघर कर्मचारियों की शिकायत पर पुलिस थाना धर्मशाला में मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में डाकघर से 1.85 लाख रुपये की नकदी चोरी होने की जानकारी दी गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी। 31 अक्तूबर को आरोपी राजेश कुमार कौशिक (32) निवासी गांव एवं डाकघर कोसमंदा, तहसील चांपा, जिला जांजगीर-चांपा (छत्तीसगढ़) को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी से पूछताछ और उसकी निशानदेही पर 2 नवंबर को चोरी की गई नकदी में से 1.45 लाख रुपये बरामद किए। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि शेष 40 हजार रुपये उसने खर्च कर दिए हैं।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपी प्रवासी मजदूर है और दिहाड़ी-मजदूरी करता है। पुलिस का कहना है कि वह पहले भी चोरी के मामलों में संलिप्त रहा है। मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई जारी है।
