शहडोल:बिरयानी बनाते समय सिलिंडर में लगी आग, दमकल के देर से पहुंचने पर नाराजगी – Fire Breaks Out In A Shop Near The New Bus Stand While Biryani Is Being Prepared; Flames
शहर के नए बस स्टैंड के समीप एक दुकान में बिरयानी बनाते समय घरेलू एलपीजी सिलिंडर में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सिलिंडर से उठती आग की लपटें देखकर दुकानदार और आसपास मौजूद लोग घबरा गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दुकान में मौजूद लोग तत्काल बाहर निकल आए। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुकान में बिरयानी बनाने का काम चल रहा था। इसी दौरान गैस सिलिंडर में अचानक आग भड़क उठी। आग लगते ही दुकान में मौजूद लोगों ने खुद को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। आसपास की दुकानों में बैठे लोग भी किसी अनहोनी की आशंका से बाहर निकल आए। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
पढ़ें: बीना-भोपाल रूट पर रेलवे ने बदला सिग्नल सिस्टम: एक के पीछे एक दौड़ेंगी ज्यादा ट्रेनें, जानिए क्या होगा फायदा
घटना की सूचना दमकल विभाग को दी गई, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि दमकल वाहन मौके पर काफी देर से पहुंचा। इस दौरान सिलिंडर में आग जलती रही और आसपास के दुकानदारों में दहशत बनी रही। लोगों ने दमकल वाहन के पहुंचने में हुई देरी पर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र में इस तरह की घटनाओं से निपटने के लिए अग्निशमन व्यवस्था का तत्काल उपलब्ध होना जरूरी है।
खानपान की दुकानों में घरेलू गैस सिलिंडर के इस्तेमाल पर उठे सवाल
इस घटना ने शहर की होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और छोटी खानपान की दुकानों में घरेलू गैस सिलिंडर के इस्तेमाल को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में कमर्शियल सिलिंडर के स्थान पर घरेलू एलपीजी सिलिंडर का उपयोग किया जा रहा है। इससे न केवल नियमों की अनदेखी होती है, बल्कि आगजनी जैसी घटनाओं में बड़े हादसे का खतरा भी बना रहता है।
नियमों के अनुसार, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर का उपयोग किया जाना चाहिए। लोगों ने खाद्य विभाग, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग और प्रशासन से शहर की होटल-रेस्टोरेंट सहित खानपान की दुकानों की जांच कराने की मांग की है।
साथ ही लोगों ने यह सवाल भी उठाया है कि घरेलू सिलिंडरों के व्यावसायिक उपयोग पर निगरानी की जिम्मेदारी किस विभाग की है और अब तक इस दिशा में क्या कार्रवाई की गई है।
