Azamgarh News:अक्तूबर में पकड़ी गई 43 लाख 28 हजार की स्टांप चोरी – Stamp Theft Worth Rs 43 Lakh 28 Thousand Was Detected In October
जनपद की सभी तहसीलों में जमीन के बैनामे होते हैं। बैनामे के दौरान जरूरी स्टांप लगाए जाते हैं। अक्तूबर में हुई रजिस्ट्री के अभिलेखों की जांच की गई तो इसमें बैनामेदारों द्वारा 43 लाख 28 हजार रुपये की स्टांप चोरी किए जाने का मामला पकड़ा गया।
इस मामले में एआईजी स्टांप और उपनिबंधकों की ओर से 68 लेखपत्रों पर स्टांप चोरी का मुकदमा दर्ज कराया जा चुका है। जिले में स्टांप चोरी का यह पहला मामला नहीं है, बल्कि इसके पहले भी कई मामले प्रकाश में आ चुके हैं।
स्टांप चोरी के मामलों पर लगाम लगाने के लिए डीएम की ओर से पांच लेखपत्रों के स्थलों का निरीक्षण किया गया। इसमें से पांचों लेखपत्र सही पाए गए। एडीएम वित्त एवं राजस्व की ओर से किसी लेखपत्र की जांच नहीं की गई, इसलिए उनके स्तर से कोई चोरी नहीं पकड़ी गई।
वहीं सहायक महानिरीक्षक ने अक्तूबर में 53 लेखपत्रों का निरीक्षण किया। इनमें 43 लेखपत्र सही पाए गए, जबकि 10 लेखपत्रों में कमियां मिलीं और 8.41 लाख रुपये के स्टांप की चोरी पाई गई। वहीं उपनिबंधकों द्वारा 212 लेखपत्रों का मूल्यांकन किया गया।
इसमें 154 लेखपत्र सही पाए गए, लेकिन 58 लेखपत्रों में 34.87 लाख रुपये की चोरी पकड़ में आई। पकड़ी गई स्टांप चोरी के मामले में 68 लेखपत्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
000 वर्जन
जिले में प्रतिमाह होने वाले बैनामे के लेखपत्रों की जांच की जाती है। अगर इसमें गड़बड़ी पाई जाती है तो उसकी वसूली के लिए हमारी कोर्ट में वाद दाखिल किया जाता है। इस महीने की गई जांच में 68 लेखपत्रों में कुल 43 लाख 28 हजार रुपये की स्टांप चोरी पकड़ी गई है। सभी वाद दाखिल हो गए हैं। -राजेश कुमार, एआईजी स्टांप।
