वाशिंग मशीन से बदबू क्यों आने लगती है? जानें स्मेल भगाने के आसान घरेलू तरीके
वाशिंग मशीन का काम कपड़ों की दुर्गंध, दाग-धब्बे और गंदगी को निकालना है. लेकिन इसका मतलब ये नहीं है कि इस मशीन को साफ करने की जरूरत नहीं होगी. नए मशीन में कपड़ों को धोने पर इसमें से फ्रेश खुशबू आती है, लेकिन जब आप लगातार कपड़ों को मशीन में धोते है तो धीरे-धीरे ये ताजगी कम होती महससू होने लगती है. लेकिन इसका कारण मशीन की खराबी नहीं होती, बल्कि इसमें जमी गंदगी होती है.
ऐसे में कई बार मशीन में धुले कपड़ों से सीलन की बदबू आने लगती है. खासतौर पर फ्रंट लोड वाशिंग मशीन में ये समस्या ज्यादा देखने को मिलती है. शुरुआत में इस पर ध्यान न दिया जाए, तो बदबू लगातार बढ़ सकती है. ऐसे में मशीन की सही सफाई और कुछ छोटी आदतों में बदलाव करना जरूरी है. आइए जानते हैं वाशिंग मशीन से बदबू आने की वजह और इसे दूर करने के आसान तरीके.
वाशिंग मशीन से बदबू आने की वजह?
वाशिंग मशीन से आने वाली बदबू इसमें जमा नमी फफूंदी और बैक्टीरिया के पनपने के कारण पैदा होती है. इसके अलावा साबुन, फैब्रिक सॉफ्टनर, तेल, धूल और गंदगी के अवशेष भी समय के साथ जमा होकर बदबू पैदा करते हैं. मशीन के ड्रम, रबर सील, डिटर्जेंट ट्रे और ड्रेन एरिया में इन चीजों के अवशेष के जमा होने का खतरा ज्यादा होता है.
वाशिंग मशीन की बदबू दूर करने के 4 तरीके
ड्रेन फिल्टर की सफाई करें- सबसे पहले मशीन के ड्रेन फिल्टर को चेक करें. इसमें कपड़ों के रेशे, धूल और दूसरी गंदगी जमा हो सकती है. ऐसे में कंपनी के निर्देशों के अनुसार फिल्टर निकालकर उसकी सफाई करना इससे बचाव का अच्छा तरीका होता है.
डिटर्जेंट ट्रे को अच्छी तरह धोएं- डिटर्जेंट डालने वाली ट्रे में साबुन के अवशेष और नमी जमा होने से फफूंदी लग सकती है. ऐसे में इसे मशीन से निकालकर साफ करें. ट्रे रखने वाली जगह को भी अच्छी तरह पोंछें. जरूरत पड़ने पर ट्रे को क्लीनिंग सॉल्यूशन में भिगोकर हल्के ब्रश से साफ कर सकते हैं.
ड्रम और रबर सील को साफ करें- मशीन के अंदरूनी हिस्से, ड्रम, दरवाजे और रबर सील पर क्लीनिंग सॉल्यूशन का इस्तेमाल करें. कुछ मिनट बाद माइक्रोफाइबर कपड़े से इन्हें अच्छी तरह पोंछ लें. फ्रंट लोड मशीन की रबर सील पर खास ध्यान दें, क्योंकि इसमें पानी और गंदगी जमा होने की संभावना रहती है.
खाली मशीन में चलाएं हॉट वॉश साइकल- मशीन की सफाई के बाद उसका सेल्फ क्लीन साइकल चलाएं. अगर आपकी मशीन में ये सुविधा नहीं है, तो सबसे गर्म और लंबे वॉश साइकल का इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके लिए कंपनी द्वारा सुझाए गए वाशिंग मशीन क्लीनर का ही इस्तेमाल करें. साइकल पूरा होने के बाद मशीन का दरवाजा और डिटर्जेंट ट्रे खुली छोड़ दें, ताकि नमी बाहर निकल सके.
इन बातों का ध्यान रखें
– कपड़े धुलने के तुरंत बाद मशीन से बाहर निकालें. गीले कपड़े लंबे समय तक अंदर न छोड़ें.
– हर वॉश के बाद मशीन का दरवाजा और डिटर्जेंट ट्रे खुली रखें.
– रबर सील को नियमित रूप से पोंछकर सुखाएं.
– मशीन की सामान्य सफाई महीने में कम से कम एक बार करें.
– मशीन के अनुसार सही डिटर्जेंट और उसकी उचित मात्रा का इस्तेमाल करें.
