शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कठुआ

Kathua News:सड़क हादसे में मृतक के परिवार को 56 लाख 67 हजार मुआवजा – Jammu And Kashmir News

November 4, 2026


एमएसीटी ने बीमा कंपनी को 60 दिन में भुगतान के दिए आदेश

संवाद न्यूज एजेंसी

कठुआ। मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण (एमएसीटी) ने चार साल पुराने सड़क हादसे में जान गंवाने वाले हरबंस लाल के परिवार को 56 लाख 67 हजार 460 रुपये मुआवजा देने का फैसला सुनाया है। अधिकरण ने बीमा कंपनी को 60 दिनों के भीतर यह राशि परिवार के बैंक खातों में जमा करने का आदेश दिया है। मुआवजे की इस राशि पर याचिका दायर करने की तारीख से भुगतान होने तक छह प्रतिशत सालाना ब्याज भी मिलेगा।

मामले की सुनवाई मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण प्रवीन पंडोह ने गत 31 अक्तूबर को की थी। याचिका के अनुसार, 30 जनवरी 2022 को सुबह करीब नौ बजे हरबंस लाल अपनी स्कूटी से कठुआ से लखनपुर जा रहे थे। पुराने टोल प्लाजा के पास एक ट्रक गलत दिशा में आकर उनकी स्कूटी से टकरा गया। हादसे में हरबंस लाल की मौके पर ही उनकी मौत हो गई। लखनपुर पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। मृतक की पत्नी रमा शर्मा और तीन बच्चों ने मुआवजे के लिए अधिकरण में याचिका दायर की थी। परिवार ने 73 लाख 60 हजार रुपये मुआवजे की मांग की थी। टोल प्लाजा पर तैनात कर्मचारी मंदीप सिंह ने प्रत्यक्षदर्शी के रूप में गवाही दी थी। अधिकरण ने उनकी गवाही को विश्वसनीय माना। अधिकरण ने मृतक की पत्नी और नाबालिग बेटी को ही आर्थिक रूप से आश्रित माना गया।

बीमा कंपनी के तर्क खारिज

बीमा कंपनी ने चालक के वैध ड्राइविंग लाइसेंस और बीमा शर्तों के उल्लंघन पर सवाल उठाए थे। हालांकि, कंपनी इन आरोपों को साबित करने के लिए कोई ठोस साक्ष्य पेश नहीं कर सकी। अधिकरण ने पाया कि हादसे के समय चालक के पास वैध लाइसेंस था। इस प्रकार बीमा कंपनी के तर्क खारिज कर दिए गए।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X