शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
फ़तेहपुर

Fatehpur News:ढाई लाख उज्ज्वला लाभार्थियों को मिली गैस रिफिल सब्सिडी – 2.5 Lakh Ujjwala Beneficiaries Got Gas Refill Subsidy

November 4, 2026


फतेहपुर। दिवाली के अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को रसोई गैस सिलिंडर रिफिल की सब्सिडी वितरित की गई। मंगलवार को विकास भवन सभागार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण दिखाया गया। इस दौरान जिले के लाभार्थियों को सब्सिडी के प्रतीकात्मक चेक भी वितरित किए गए।

लखनऊ स्थित लोकभवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम के तहत प्रदेश के 1.89 करोड़ लाभार्थियों को गैस सिलिंडर रिफिल सब्सिडी का लाभ दिया गया। इसके लिए 1500 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की गई। विकास भवन में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव, डीएम निधि गुप्ता वत्स और सीडीओ पवन कुमार मीना ने लाभार्थियों के साथ मुख्यमंत्री का संबोधन सुना। जिला प्रशासन के अनुसार, जिले में उज्ज्वला योजना के कुल 2,86,735 लाभार्थी हैं। इनमें से 2,54,282 लाभार्थियों की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है। इन्हें सब्सिडी का लाभ दिया गया है। शेष लाभार्थियों को ई-केवाईसी पूरी कराने के बाद योजना का लाभ मिलेगा। भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से गरीब परिवारों की महिलाओं को चूल्हे के धुएं से मुक्ति दिलाई गई है। इस मौके पर जिला पूर्ति अधिकारी सुनील कुमार पुष्कर, गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि और लाभार्थी मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X