शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कुशीनगर

Kushinagar News:चार हॉट स्पॉट पर तैनाती का दावा, पड़ताल में कहीं नहीं मिली एंबुलेंस – Claims Of Deployment At Four ‘hot Spots’; No Ambulances Found Anywhere During Investigation

November 4, 2026


सरकारी एंबुलेंस नहीं मिलने पर निजी वाहनों से अस्पताल ले जाने को मजबूर तीमारदार

स्वास्थ्य विभाग हाईवे समेत सिर्फ चार स्थानों पर एंबुलेंस के खड़े होने का कर रहा दवा

पडरौना। जिले के स्वास्थ्य विभाग ने हाईवे समेत चार प्रमुख हॉट स्पॉट पर 108 एंबुलेंस तैनात करने का दावा किया जाता है। विभाग के अनुसार इसका उद्देश्य हादसे की सूचना मिलने पर सात मिनट के अंदर मौके पर एंबुलेंस पहुंचाकर घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाना है। बुधवार को संवाद न्यूज एजेंसी ने दावे की पड़ताल की यह हवाई साबित हुआ।

संवाद न्यूज एजेंसी की पड़ताल में हाईवे से लेकर जिला मुख्यालय तक चिह्नित हॉट स्पॉट पर एंबुलेंस खड़ी नहीं मिलीं। ऐसे में इन स्थानों पर बड़ा हादसा होने पर निर्धारित समय में एंबुलेंस पहुंचना मुश्किल होगा। वहीं, सूचना देने के बाद भी एंबुलेंस के समय से नहीं पहुंचने से मरीजों और तीमारदारों की परेशानी बढ़ रही है। उन्हें निजी वाहनों से मरीजों को अस्पताल ले जाना पड़ रहा है।

स्वास्थ्य विभाग ने जिले में चार हॉट स्पॉट चिह्नित किए हैं। इनमें एनएच-27 पर हाटा क्षेत्र का तितिला, कुशीनगर का झुंगवा कट, फाजिलनगर नगर पंचायत कार्यालय और जिला मुख्यालय पर डीएम व एसपी आवास के आसपास का क्षेत्र शामिल हैं।

तितिला में सुबह 10:45 बजे नहीं मिली एंबुलेंस

हाईवे पर सुकरौली-तितिला के पास एंबुलेंस खड़ी करने के लिए स्थान चिह्नित किया गया है। बुधवार सुबह 10:45 बजे यहां कोई एंबुलेंस नहीं मिली। इस स्थान के आसपास निजी स्कूल, होटल और कई संस्थान संचालित हैं। यहां अक्सर हादसे होते रहते हैं। इसके चलते इसे हॉट स्पॉट में शामिल किया गया है। इसके बावजूद एंबुलेंस नहीं मिलने से हादसे के समय घायलों को तत्काल सुविधा मिलने पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

झुंगवा कट पर भी नहीं दिखी एंबुलेंस

हाईवे पर कुशीनगर के झुंगवा कट के पास भी एंबुलेंस खड़ी करने का स्थान निर्धारित है। यहां वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है। बुद्ध पीजी कॉलेज, बुद्ध इंटर कॉलेज सहित कई सरकारी और निजी संस्थान भी आसपास हैं। राहगीरों की अधिक आवाजाही और दुर्घटना की आशंका को देखते हुए इस स्थान को हॉट स्पॉट बनाया गया है। इसके बावजूद बुधवार सुबह 11:35 बजे यहां एंबुलेंस नहीं मिली।

डीएम-एसपी आवास के पास भी नदारद

कसया-पडरौना मार्ग पर डीएम और एसपी आवास के पास मुख्य सड़क को भी हॉट स्पॉट के रूप में चिह्नित किया गया है। बुधवार दोपहर 12:30 बजे मेडिकल कॉलेज रोड, डीएम आवास रोड, पडरौना मुख्यालय रोड और कसया रोड पर कहीं भी एंबुलेंस खड़ी नहीं मिली।

समय से नहीं मिली सुविधा

केस एक

12 सितंबर 2026: बड़हरागंज की रहने वाली एक महिला मेडिकल कॉलेज में टांका कटवाने पहुंची थी। उपचार के बाद घर जाने के लिए परिजन ने दोपहर 1:20 बजे एंबुलेंस के लिए फोन किया लेकिन 1:50 बजे तक सुविधा नहीं मिल सकी। इस दौरान स्वास्थ्यकर्मी जल्द एंबुलेंस उपलब्ध कराने का भरोसा देते रहे।

केस दो

15 सितंबर 2026: एंबुलेंस नहीं मिलने के कारण एक गर्भवती महिला अस्पताल की सीढ़ियों पर बैठकर इंतजार करती मिली थी। आशा कार्यकर्ता ने जांच के बाद दोपहर 12:30 बजे एंबुलेंस के लिए फोन किया, लेकिन दोपहर 1:30 बजे तक सुविधा नहीं मिल सकी।

वर्जन

एंबुलेंस चालकों को चिह्नित स्थानों पर ही वाहन खड़े रखने के निर्देश दिए गए हैं। यदि एंबुलेंस निर्धारित स्थानों पर नहीं मिल रही हैं तो इसकी गोपनीय जांच कराई जाएगी। अनियमितता मिलने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

– डॉ. रामदास कुशवाहा, डिप्टी सीएमओ एवं एंबुलेंस के नोडल अधिकारी

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X