Hisar News:धनतेरस से पहले 75 लाख का तोहफा लिखित भरोसे पर समाप्त हुई हड़ताल – A Gift Worth 7.5 Million (75 Lakh) Before Dhanteras; Strike Called Off Following A Written Assurance
हिसार। धनतेरस से पहले रोडवेज कर्मचारियों के खातों में 75 लाख रुपये के भत्ते जमा होने से उनके चेहरे खिल उठे। वहीं रात्रि भत्ता, एलटीसी, मेडिकल और एसीपी की शेष राशि के भुगतान का लिखित आश्वासन मिलने पर कर्मचारियों ने पांचवें दिन हड़ताल खत्म कर दी। बुधवार शाम चार बजे से बसों का संचालन शुरू हो गया। वीरवार सुबह से सभी बसें निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार चलेंगी।
कर्मचारियों की मांगों को लेकर बुधवार को डिपो महाप्रबंधक और सांझा संघर्ष समिति के बीच वार्ता हुई। इससे पहले परिवहन विभाग के अतिरिक्त प्रधान सचिव ने हड़ताल के दिनों को कार्यदिवस मानने का पत्र जारी किया था। इसके बाद महाप्रबंधक राहुल मित्तल ने कर्मचारियों को बातचीत के लिए बुलाया।
दोपहर दो से तीन बजे तक चली बैठक में महाप्रबंधक राहुल मित्तल, यातायात प्रबंधक प्रीतम सिवाच और एसपीओ राजबीर सिंह ने डिपो स्तर की लंबित समस्याओं का जल्द समाधान करने और जायज मांगों को प्राथमिकता देने का भरोसा दिया। समिति के सदस्यों ने लिखित आश्वासन मांगा। यातायात प्रबंधक की ओर से पत्र मिलने के बाद कर्मचारियों ने दोपहर करीब तीन बजे हड़ताल समाप्त कर दी।
इस अवसर पर कर्मचारियों ने एकता के नारे लगाए। आंदोलन को समर्थन देने पहुंचे सेवानिवृत्त कर्मचारी नेता एमएल सहगल, राजपाल नैन, बलबीर देसवाल, सुरेंद्र पूनिया, सुभाष ढिल्लो भी मौजूद रहे।
50 लाख का रात्रि भत्ता, एलटीसी और मेडिकल बिल अब भी बकाया
समिति प्रवक्ता संदीप जैनावास ने बताया कि 75 लाख रुपये के भत्ते खातों में जमा हुए हैं, जबकि करीब 50 लाख रुपये का रात्रि भत्ता, एलटीसी और मेडिकल बिल बकाया है। इससे पहले जून में भी कर्मचारियों को चार करोड़ रुपये के बिलों का भुगतान कराने के लिए हड़ताल करनी पड़ी थी। उन्होंने कहा कि मांगों को लेकर बार-बार आवाज उठाने के बावजूद सुनवाई नहीं होती।
