Mandi News:पुरुष वर्ग में कुल्लू और महिला में जोगिंद्रनगर कॉलेज की टीम बनी ओवरऑल विजेता – In The Men’s Category, The Kullu Team Emerged As The Overall Winner, While In The Women’s Category, The Jogindernagar College Team Took The Overall Title
मंडी कॉलेज के प्रथम और हरिपुर कॉलेज मनाली की श्रद्धा बनीं सर्वश्रेष्ठ एथलीट
अंतर-महाविद्यालय वार्षिक एथलेटिक मीट 2026-27 का समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। वल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी में सरदार पटेल विश्वविद्यालय की अंतर-महाविद्यालय वार्षिक एथलेटिक मीट 2026-27 का बुधवार को समापन हुआ। तीन दिवसीय खेल महाकुंभ में प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों से पहुंचे खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा, खेल कौशल, अनुशासन और दमखम का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग में कुल्लू कॉलेज और महिला वर्ग में जोगिंद्रनगर कॉलेज की टीम ओवरऑल विजेता रही।
समापन समारोह में सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी के कुलपति प्रोफेसर ललित कुमार अवस्थी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने विभिन्न स्पर्धाओं में विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर वल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी की एनसीसी वायु सेना विंग के कैडेटों ने एनसीसी प्रोटोकॉल के तहत कुलपति को भव्य गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता के दौरान लंबी कूद, 800 मीटर दौड़, हैमर थ्रो, जेवलिन थ्रो, ऊंची कूद और रिले दौड़ सहित विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की गईं। पुरुष वर्ग की लंबी कूद में रोहन कुमार चौहान ने पहला, सुरजीत सिंह ने दूसरा और निखिल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग की 800 मीटर दौड़ में काजल ने पहला, तानिया ने दूसरा और मुस्कान ने तीसरा स्थान हासिल किया।
पुरुष वर्ग की हैमर थ्रो स्पर्धा में अमित प्रभाकर पहले, दिव्यांश दूसरे और सुजल शर्मा तीसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग की लंबी कूद में कुल्लू की ललिता देवी ने पहला, मंडी की यशमिता ने दूसरा और द्रंग की कृतिका ने तीसरा स्थान हासिल किया। पुरुष वर्ग की 4×400 मीटर रिले दौड़ में मंडी की टीम पहले, कुल्लू की टीम दूसरे और सरकाघाट की टीम तीसरे स्थान पर रही।
महाविद्यालय की शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष अंजू पाठक ने बताया कि सर्वश्रेष्ठ एथलीट का खिताब पुरुष वर्ग में मंडी कॉलेज के प्रथम तथा महिला वर्ग में हरिपुर कॉलेज मनाली की श्रद्धा चौहान ने हासिल किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजीव कुमार, डॉ. चमन लाल, वरिष्ठ प्रोफेसर सुनील कुमार, डॉ. संजय ठाकुर, डॉ. बनिता सकलानी, डॉ. रविंद्र और लेफ्टिनेंट बलबीर सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
