Amroha News:खाद्य सुरक्षा अधिकारी और व्यापारियों में नोकझोंक-हंगामा – Altercation And Commotion Between Food Safety Officers And Traders
हसनपुर (अमरोहा)। संभल बाईपास पर मंगलवार रात करीब 10 बजे खाद्य सुरक्षा अधिकारी मीरा सिंह ने कार्रवाई करते हुए स्वीटी सुपारी से लदी एक डीसीएम को रोककर अपने साथ कोतवाली ले गईं। सूचना पर दर्जनों व्यापारी कोतवाली पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। नोकझोंक और विरोध के बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बिना सैंपल वाहन छोड़ दिया।
व्यापारी नेता अंकुर अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि व्यापारियों ने किसी भी वैध कार्रवाई का विरोध नहीं किया है। उनकी केवल यह मांग थी कि वाहन को कोतवाली ले जाने की कोई आवश्यकता नहीं थी। यदि विभाग को सैंपल लेना ही था तो वह संबंधित व्यापारी के प्रतिष्ठान पर जाकर भी लिया जा सकता था। वहीं, खाद्य सुरक्षा अधिकारी मीरा सिंह का कहना है व्यापारी अंकुर अग्रवाल, मुकेश गुप्ता और परवीन गर्ग आदि ने उन्हें रोका। सहायक आयुक्त से बात की गई और सैंपल नहीं भरने दिया। हवाला दिया कि अगर सैंपल लेना है तो अमरोहा के व्यापारी का लेना है। हसनपुर में कोई सैंपल नहीं लेना है। कुछ लोगों ने व्यापारियों को भड़काया। मेरे हाथ से बिल छीन लिया गया। कहा कि मैंने व्यापारियों को समझाया कि एक्ट की आपको जानकारी नहीं है। आप मुझे काम करने दें। सीओ पंकज कुमार त्यागी का कहना है कि मामले में किसी तरह की कोई तहरीर नहीं मिली है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
