Kathua News:समझौते के बाद मारपीट और चोरी के मामले में तीन आरोपी बरी – Jammu And Kashmir News
कठुआ। न्यायिक मजिस्ट्रेट हीरानगर ने मारपीट और चोरी के मामले में तीन आरोपियों को बड़ी राहत दी है। अदालत ने शिकायतकर्ताओं और आरोपियों के बीच समझौता होने के बाद तीनों आरोपियों को बरी कर दिया है।
पुलिस ने तीन आरोपियों हिमांशु साहनी निवासी राख होशियारी, राजबाग, मुकेश कुमार निवासी चक धौटा, हीरानगर और परवीन डोगरा निवासी राख लच्छीपुरा के खिलाफ राजबाग पुलिस ने गत वर्ष मामला दर्ज किया था। तीनों आरोपियों के खिलाफ आरोप है कि उन्होंने शिकायतकर्ता अजीत सिंह, वंश शर्मा, दीपक शर्मा के साथ मारपीट की और सामान चोरी किया था।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115 (2) और 303 (2) के तहत मामला दर्ज किया था। तीन आरोपियों के खिलाफ 28 अक्तूबर को अदालत में चालान प्रस्तुत किया गया।
इस दौरान शिकायतकर्ताओं और आरोपियों की ओर से अपराधों के निपटारे के लिए समझौते की अर्जी दाखिल की गई। शिकायतकर्ता एवं घायल अजीत सिंह, वंश शर्मा और दीपक शर्मा ने अदालत में अपने बयान दर्ज करवाते हुए कहा कि उन्होंने बिना किसी दबाव के आपसी सहमति से विवाद सुलझा लिया है। इसके बाद अदालत ने शिकायतकर्ताओं के बयानों और तथ्यों को देखते हुए समझौते की अनुमति दे दी।
