Hapur News:15 नवंबर को होगा गुरुकुल विद्यापीठ पुष्पावती पूठ की प्रबंध समिति का चुनाव – The Election For The Managing Committee Of Gurukul Vidyapeeth Pushpavati Puth Will Be Held On November 15
हापुड़। गुरुकुल विद्यापीठ पुष्पावती पूठ की प्रबंध समिति के नवीन निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। समिति का चुनाव 15 नवंबर को गुरुकुल महाविद्यालय पूठ के प्रांगण में संपन्न होगा। चुनाव के लिए डिप्टी रजिस्ट्रार ने जिला समाज कल्याण अधिकारी दिग्विजय सिंह को निर्वाचन अधिकारी नामित किया है।
निर्वाचन के तहत पदाधिकारियों के आठ पदों और तीन अंतरंग सदस्यों के पदों के लिए चुनाव कराया जाएगा। पदाधिकारियों में संस्थापक, अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, मंत्री, उपमंत्री, कोषाध्यक्ष, लेखा निरीक्षक और मुख्याधिष्ठाता के पद शामिल हैं। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 12 नवंबर तक सुबह 10 से शाम पांच बजे तक जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय से नामांकन पत्र प्राप्त किए जा सकते हैं।
13 नवंबर को सुबह 10 से शाम पांच बजे तक नामांकन पत्र जमा होंगे। इसके बाद 15 नवंबर को सुबह 11 बजे से नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। दोपहर 12 बजे वैध प्रत्याशियों की सूची प्रकाशित होगी और दोपहर 12 से 12:30 बजे तक नाम वापसी का समय निर्धारित किया गया है। दोपहर एक बजे अंतिम प्रत्याशी सूची जारी की जाएगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 15 नवंबर को दोपहर 2.30 बजे से गुरुकुल महाविद्यालय पूठ में मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के बाद नियमानुसार मतगणना कराकर परिणाम घोषित किया जाएगा। निर्वाचन अधिकारी दिग्विजय सिंह ने सभी पात्र सदस्यों से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन की सूचना सदस्यों को उनके पते पर पंजीकृत डाक के माध्यम से भेज दी गई है।
