बरनाहल। विकास खंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत ढकपुरा में विकास कार्यों के नाम पर 72.76 लाख रुपये के गबन के आरोप की जांच की गई। जिलाधिकारी के निर्देश पर टीम ने बृहस्पतिवार को ग्राम पंचायत के विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
ग्राम पंचायत के मजरा कलंदरपुर निवासी योगेश कुमार ने करीब तीन महीने पहले जिलाधिकारी से शिकायत की थी। इसमें आरोप लगाया था कि एक अप्रैल 2021 से 31 मई 2026 के बीच ग्राम पंचायत में कराए गए विकास कार्यों के नाम पर 72 लाख 76 हजार 61 रुपये का गबन किया गया है। शिकायत में सरकारी धन का दो बार भुगतान करने और फर्जी नामों से धनराशि निकालने के आरोप भी लगाए गए थे। जिलाधिकारी ने मामले की जांच के लिए टीम गठित की थी।
जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी अरुण कुमार शुक्ला तीन सदस्यीय टीम के साथ ग्राम पंचायत पहुंचे। टीम ने दोनों पक्षों को बुलाकर शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। जांच अधिकारी अरुण कुमार शुक्ला ने बताया कि पिछली वित्तीय वर्षों की कार्ययोजनाओं के तहत ग्राम पंचायत में करीब 15 से 16 कार्य कराए गए हैं। शिकायतकर्ता ने दो बार भुगतान और फर्जी नामों से धनराशि निकालने का आरोप लगाया था। सभी कार्यों की स्थलीय जांच की गई, जिसमें पांच-छह कार्य ठीक मिले। जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेज दी गई है।