शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
रामपुर

Rampur News:फर्जी वसीयत से संपत्ति हड़पने के आरोप में ब्लॉक प्रमुख समेत पांच पर प्राथमिकी – Fir Against Five People Including Block Pramukh For Grabbing Property Through Fake Will

November 6, 2026


मिलक। मृतक के नाम से फर्जी वसीयत तैयार कर विधवा की विरासत में मिली संपत्ति हड़पने के आरोप में कोर्ट के आदेश पर ब्लॉक प्रमुख और उनके बेटे समेत पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

नगर के मोहल्ला नई बस्ती निवासी नीरजा गंगवार ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनके पति दिग्विजय पाल सिंह का निधन 29 मई 2002 को हो गया था। पति की मृत्यु के बाद उनकी समस्त अचल संपत्ति विरासत के रूप में उनके नाम दर्ज हो गई थी।

आरोप है कि ब्लॉक प्रमुख अर्चना गंगवार, उनके पुत्र शुभांक प्रकाश, प्रदीप कुमार निवासी नई बस्ती, राजेश गंगवार निवासी रौरा खुर्द और पीके राजपूत निवासी बुलंद बंगला रामपुर ने आपस में मिलकर कूटरचित अभिलेख तैयार किए।

आरोप है कि आरोपियों ने उनके पति के फर्जी हस्ताक्षर बनाकर एक मई 2002 की कथित वसीयत तैयार की और इसके आधार पर न्यायालय में मुकदमा दायर कर दिया। न्यायालय ने 19 मार्च 2024 को दोनों मुकदमों में फैसला सुनाते हुए वसीयत को जाली और फर्जी करार दिया था।

पीड़िता का कहना है कि वह असदुल्लापुर स्थित अपनी भूमि सितंबर 2007 में ही बेच चुकी हैं और उसका दाखिल-खारिज भी हो चुका है। इसके बावजूद आरोपी संपत्ति पर कब्जा करने का प्रयास करते रहे। उन्होंने 10 सितंबर 2026 को कोतवाली और एसपी को शिकायत दी थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर कोर्ट की शरण ली।

सीओ राजवीर सिंह परिहार ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X