Kushinagar News:तीन दिन से लापता युवक का शव गांव की नहर में मिला – The Body Of A Young Man, Missing For Three Days, Was Found In A Village Canal
पटहेरवा। पटहेरिया-समउर मार्ग पर नारायनपुर रामसहाय गांव के पश्चिम से गुजरने वाली चकदहवा नहर में बृहस्पतिवार दोपहर करीब 44 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया। बाद में उसकी पहचान गांव के ही मार्कण्डेय तिवारी उर्फ भूटूर के रूप में हुई। वह तीन दिन से लापता थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शव पानी में मुंह के बल पड़ा था। पानी में काफी देर तक रहने के कारण उससे दुर्गंध आ रही थी। शव के चेहरे और शरीर के कुछ हिस्सों को मछलियों ने क्षतिग्रस्त कर दिया था। मृतक सफेद शर्ट और पैंट पहने हुए थे।
पुलिस शव की शिनाख्त कराने में जुटी थी। इसी दौरान गांव की अहिल्या देवी ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान अपने पति मार्कण्डेय तिवारी के रूप में की। उन्होंने बताया कि उनके पति तीन दिन पहले लापता हो गए थे। इस संबंध में उन्होंने बृहस्पतिवार को पुलिस को गुमशुदगी की सूचना दी थी। थानाध्यक्ष अरुण सिंह ने बताया कि शव की शिनाख्त हो गई है। उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
